menu-icon
India Daily

बिना इंटरनेट के चलेगा UPI! NFC तकनीक के जरिए 'Tap to Pay' करके हो सकेगा Payment

भारत में जल्द ही NFC आधारित ऑफलाइन UPI पेमेंट की सुविधा शुरू हो सकती है. इस फीचर से बिना इंटरनेट के भी भुगतान संभव होगा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
बिना इंटरनेट के चलेगा UPI! NFC तकनीक के जरिए 'Tap to Pay' करके हो सकेगा Payment
Courtesy: X

भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम जल्द ही एक और बड़ा बदलाव देखने जा सकता है. NPCI ऐसी तकनीक पर काम कर रहा है, जिससे लोग बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI से भुगतान कर सकेंगे. यह सुविधा खासकर कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में काफी उपयोगी साबित हो सकती है.

बिना इंटरनेट के भी होगा UPI पेमेंट

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक नए ऑफलाइन UPI सिस्टम पर काम कर रहा है. इस सुविधा में नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. अगर आपके मोबाइल में NFC सपोर्ट है, तो आप सिर्फ फोन को पेमेंट मशीन के पास टैप करके भुगतान कर सकेंगे. उस समय इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी. यह सुविधा उन लोगों के लिए राहत बन सकती है, जो अक्सर ऐसे इलाकों में रहते हैं या यात्रा करते हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क ठीक से काम नहीं करता. इससे डिजिटल पेमेंट पहले से ज्यादा आसान और तेज हो सकता है.

UPI Lite के जरिए चलेगा पूरा सिस्टम

यह नई सुविधा UPI Lite पर आधारित होगी. UPI Lite एक छोटे डिजिटल वॉलेट की तरह काम करता है, जिसमें पहले से पैसे जोड़ने होते हैं. जब आपके फोन में इंटरनेट उपलब्ध होगा, तब आप इसमें राशि लोड कर सकेंगे. इसके बाद जरूरत पड़ने पर बिना इंटरनेट के भी पेमेंट किया जा सकेगा. रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में एक ट्रांजैक्शन की अधिकतम सीमा 2,000 रूपए हो सकती है. इस दौरान UPI पिन डालने की भी जरूरत नहीं होगी. इससे छोटे भुगतान कुछ ही सेकंड में पूरे हो जाएंगे और बार-बार नेटवर्क की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

मर्चेंट को भी करनी होगी तैयारी

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए दुकानदारों को भी अपनी पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों को NFC सपोर्ट के साथ तैयार करना होगा. इसके लिए NPCI की मंजूरी और सर्टिफिकेशन जरूरी रहेगा. बताया जा रहा है कि इस साल के आखिर तक ऐसे टर्मिनल को सर्टिफाई करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. इसके बाद बैंक और पेमेंट ऐप कंपनियां इस तकनीक को अपने प्लेटफॉर्म पर ला सकेंगी. हालांकि, अभी तक NPCI या सरकार ने इसकी लॉन्च तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.