menu-icon
India Daily

आपकी जेब में रखी स्क्रीन का दिल धड़कता है यहां! जानिए उस ‘चिप कैपिटल’ की कहानी जो चला रहा है आपकी जिंदगी

ताइवान का सिंचु शहर आज पूरी दुनिया का ‘चिप कैपिटल’ बन चुका है. यहाँ की अत्याधुनिक लैब्स में बनने वाली माइक्रोचिप्स पर दुनिया भर के स्मार्टफोन, कारें और सुपरकंप्यूटर निर्भर हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आपकी जेब में रखी स्क्रीन का दिल धड़कता है यहां! जानिए उस ‘चिप कैपिटल’ की कहानी जो चला रहा है आपकी जिंदगी
Courtesy: Grok

नई दिल्ली: क्या आपने कभी सोचा है कि अलार्म बजने से लेकर ऑफिस की कॉल और गाड़ियों के नेविगेशन तक, आपकी पूरी डिजिटल दुनिया कहाँ से नियंत्रित होती है? इस पूरी आधुनिक सभ्यता की असली धड़कन एशिया के एक छोटे से शहर की उंगलियों के नीचे छिपी है.

हम बात कर रहे हैं ताइवान के सिंचु शहर की, जिसे दुनिया ‘सिलिकॉन वैली ऑफ ईस्ट’ कहती है. जब पूरी दुनिया सो रही होती है, तब इस शहर की नीली रोशनी वाली क्लीनरूम्स में इंसानी भविष्य के बारीक पुर्जे तैयार हो रहे होते हैं.

दुनिया की अर्थव्यवस्था को चलाने वाला पावरहाउस

सिंचु शहर आज दुनिया भर की टेक सप्लाई चेन का सबसे अहम केंद्र बन चुका है. यहाँ 10 नैनोमीटर से भी कम आकार की एडवाज्ड सेमीकंडक्टर चिप्स का बड़ा हिस्सा तैयार होता है. टीएसएमसी जैसी दिग्गज कंपनियों का गढ़ होने के कारण आईफोन से लेकर एआई सुपरकंप्यूटर्स तक सब इसी पर निर्भर हैं. यदि यह शहर थम जाए तो वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा सकती है.

डेटा और डेडलाइंस के बीच पिसती जिंदगी

शीशे की चमचमाती इमारतों के पीछे यहाँ काम करने वाले इंजीनियर्स का जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण है. यहाँ इंसानों की दिनचर्या मौसम नहीं, बल्कि डेटा और नैनोमीटर की मामूली चूक तय करती है. विशेष सूट पहनकर घंटों बिना फोन के काम करना और 14 घंटे की लंबी शिफ्ट्स के बाद थकान से भरे चेहरों के साथ लौटना यहां के युवाओं की कड़वी सच्चाई बन चुका है.

तेज हवाओं और प्राचीन मंदिरों का शहर

साइंस पार्क की चमक-धमक से महज पांच किलोमीटर दूर एक बिल्कुल अलग पारंपरिक सिंचु बसता है. ‘हवाओं का शहर’ कहे जाने वाले इस ऐतिहासिक इलाके में 1748 का प्राचीन चेन्ग हुआंग मंदिर स्थित है. यहाँ लकड़ी के पुराने मकान, अगरबत्तियों की खुशबू और पार्कों में ताश खेलते बुजुर्गों की सादगी देखकर लगता है जैसे समय ठहर सा गया हो.

खेतों से ग्लोबल टेक हब बनने का सफर

1970 के दशक से पहले सिंचु एक शांत कृषि-आधारित क्षेत्र था, जो अपने चाय के बागानों और नूडल्स के लिए जाना जाता था. ताइवान सरकार ने वैज्ञानिकों को एक साथ लाकर 1980 में यहाँ साइंस पार्क और यूनिवर्सिटीज की स्थापना की. इसके बाद यह शांत इलाका रातों-रात दुनिया के सबसे उन्नत हाई-टेक हब में बदल गया, जहाँ आज इतिहास और भविष्य एक साथ खिलते हैं.