नई दिल्ली: नया स्मार्टफोन आते ही पुराना फोन बेचना या एक्सचेंज करना आजकल आम बात हो गई है. ज्यादातर लोग पुराना फोन किसी को देने से पहले बस फैक्ट्री रीसेट कर देते हैं. उन्हें लगता है कि रीसेट से सारी फोटो, वीडियो, बैंक डिटेल्स और प्राइवेट फाइलें हमेशा के लिए मिट गईं. लेकिन ये एक बहुत बड़ी गलती है.
दरअसल, केवल फैक्ट्री रीसेट करने से आपका डाटा पूरी तरह नहीं मिटता. फोन सिर्फ पुराने डाटा का एड्रेस मिटा देता है, लेकिन असली डाटा स्टोरेज चिप में छिपा रह जाता है. कोई भी सस्ता डाटा रिकवरी सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करके आसानी से आपकी पुरानी फोटोज, मैसेज और फाइलें निकाल सकता है.
ज्यादातर नये iPhone में डाटा पहले से ही एन्क्रिप्टेड होता है, लेकिन Android फोन में आपको खुद चेक करना पड़ता है. सबसे पहले सेटिंग्स में जाएं. फिर Security या Privacy पर टैप करें. इसके बाद Encryption & Credentials पर जाएं. अगर Encrypt Phone का ऑप्शन दिखे तो उसे ऑन कर दें. एन्क्रिप्शन का मतलब है कि आपका पूरा डाटा एक जटिल कोड में बदल जाता है. भले ही कोई डाटा रिकवर कर ले, उसे सिर्फ बिना मतलब का कोड दिखेगा, आपकी असली फोटो या फाइल नहीं.
ये सबसे असरदार देसी जुगाड़ है जो साइबर एक्सपर्ट्स भी सुझाते हैं. सबसे पहले अपना फोन नॉर्मल Factory Reset कर लें. फिर फोन ऑन करें (बिना गूगल या ऐपल अकाउंट लॉगिन किए). कैमरा ओपन करें. फिर किसी दीवार, फर्श या अंधेरे कमरे का वीडियो लगातार रिकॉर्ड करें जब तक फोन की पूरी मेमोरी 100% भर न जाए. मेमोरी भर जाने के बाद एक बार फिर Factory Reset कर दें. इससे पुरानी फाइलों की जगह नया बेकार वीडियो भर जाता है. अगर कोई रिकवरी सॉफ्टवेयर भी चलाएगा तो उसे आपकी प्राइवेट फोटोज की बजाय सिर्फ वो बेकार वीडियो मिलेगा.
सभी अकाउंट्स (Google, iCloud, WhatsApp, बैंकिंग ऐप्स) से लॉगआउट कर लें.
SIM कार्ड और मेमोरी कार्ड निकाल लें.
फोन का IMEI नंबर नोट करके रख लें.
इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप अपने पुराने फोन को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से बेच सकते हैं. आजकल प्राइवेसी बहुत जरूरी है. थोड़ा समय निकालकर सही तरीके से डाटा मिटा लें, ताकि बाद में पछतावा न हो.