menu-icon
India Daily

यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी; जानें वेदर अपडेट

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है. वहीं अधिकांश जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है. चलिए जानते हैं क्या है वेदर अपडेट

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी; जानें वेदर अपडेट
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला था लेकिन अब यह गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि पूर्वी और तराई क्षेत्रों के कुछ जिलों में हल्की बारिश राहत पहुंचा सकती है.

मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार से सटे पूर्वी और तराई क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सक्रिय रहेगा. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.  प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.

अन्य जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

कितना रहेगा तापमान?

प्रदेश के बाकी जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम शुष्क रह सकता है. विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. तापमान बढ़ने के कारण उमस और गर्मी में इजाफा होगा. हालांकि फिलहाल लू चलने जैसी स्थिति बनने की संभावना कम बताई जा रही है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में बादल छाने, बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं. इन क्षेत्रों में तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

किन जिलों में हो सकती है बारिश?

वहीं मध्य उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली और सीतापुर में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ सकते हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, मऊ और आजमगढ़ में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है लेकिन कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.