ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर 40 वर्षीय पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक परिवार को सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था. मंदिर जाने से पहले पूजा के लिए फूल तोड़ने के लिए रणदीप अपने बेटे के साथ बालकनी में गए थे. इसी दौरान बारिश के कारण गीली और फिसलन भरी बालकनी में हादसा हो गया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार फूल तोड़ते समय बेटे का पैर फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया. बेटे को बचाने की कोशिश में पिता ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए.
हादसे के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और सोसाइटी के लोग भी सदमे में हैं.
घटना की सूचना मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था और इसी वजह से रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे.
शुरुआती तौर पर बारिश के कारण बालकनी में हुई फिसलन को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह मौत से आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.