उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने तैयारी तेज कर दी है. नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बकाया बिजली बिल की वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं. उन्होंने कहा कि बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान न किया जाए.
अरविंद कुमार शर्मा ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने को कहा. उन्होंने निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश भी दिए. साथ ही, नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों की वजह से ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा.
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिया कि जहां बिजली की मांग अधिक है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए. उन्होंने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी. उनके अनुसार, घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इसका लाभ मिलेगा.
मंत्री ने नवसृजित नगर पंचायतों में भी मुख्यालयों की तरह निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट देने के लिए तैयार है. बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी और विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.