menu-icon
India Daily

दिवाली-छठ से पहले योगी सरकार का सख्त फरमान, अफसरों की छुट्टियां हुईं रद्द; 24 घंटे रहेगी पुलिस निगरानी

उत्तर प्रदेश में दिवाली, छठ और देव दीपावली से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिवाली-छठ से पहले योगी सरकार का सख्त फरमान, अफसरों की छुट्टियां हुईं रद्द; 24 घंटे रहेगी पुलिस निगरानी
Courtesy: Pinterest

उत्तर प्रदेश में दिवाली, छठ और देव दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. 

इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया गया है. अब केवल विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी मिल सकेगी. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से क्या कहा?

लखनऊ में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न होने चाहिए. इसके लिए पुलिस और प्रशासन को पहले से ही सुरक्षा की पूरी तैयारी करनी होगी. बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी रखने के साथ प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं.

बाजारों और मंदिरों में बढ़ेगी सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव, दिवाली, छठ और देव दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और पूजा-पाठ के लिए घरों से बाहर निकलते हैं. ऐसे में बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए. पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करने को कहा गया है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर

त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ संदेश फैलने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है. पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी पोस्ट या अफवाह के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई होगी.

पटाखों की बिक्री के लिए तय होंगे सुरक्षित स्थान

पटाखों की बिक्री को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जरूरी निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि पटाखे केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही बेचे जाएं. अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. इसके अलावा त्योहारों के दौरान बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. शहरों और कस्बों में साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.

किसानों और राशन कार्ड धारकों को लेकर भी सख्ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और राशन कार्ड धारकों से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी है. उन्होंने खाद की कालाबाजारी रोकने और धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद वितरण या धान खरीद में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, राशन वितरण में घटतौली करने वालों पर भी सख्त कदम उठाने को कहा गया है.