menu-icon
India Daily

यूपी में अग्निवीरों की आ गईं मौज! सीएम योगी ने विधानसभा चुनाव से पहले कर दिया बड़ा ऐलान

सीएम योगी ने अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी में 20% कोटे का ऐलान किया. सबसे बड़ी बात ये है कि इन अग्निवीरों को बिना किसी लिखित परीक्षा के सीधी भर्ती के तहत नौकरियां दी जाएंगी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
यूपी में अग्निवीरों की आ गईं मौज! सीएम योगी ने विधानसभा चुनाव से पहले कर दिया बड़ा ऐलान
Courtesy: X

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले लोगों के लिए घोषणाओं की बाढ़ आ गई है. सरकार जन हित में एक के बाद एक घोषणाएं कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा के गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर गांव में 520 करोड़ की लागत वाली 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए प्रदेश के युवाओं और गरीब परिवारों के लिए दो बड़े ऐतिहासिक ऐलान किए हैं. सीएम योगी ने अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी में 20% कोटे का ऐलान किया. सबसे बड़ी बात ये है कि इन अग्निवीरों को बिना किसी लिखित परीक्षा के सीधी भर्ती के तहत नौकरियां दी जाएंगी.

दीवाली पर मिलेगा मुफ्त LPG सिलेंडर

सीएम योगी ने त्योहारी सीजन में हर गरीब परिवार के लिए न सिर्फ रसोई गैस कनेक्शन का ऐलान किया बल्कि दीवाली से ठीक पहले एक भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर पूरी तरह से मुफ्त देने का भी ऐलान किया.

माफियाओं, दंगाइयों को दी चेतावनी

सीएम ने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले माफियाओं और दंगाइयों को सीधी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि आज यूपी दंगा और कर्फ्यू से पूरी तरह मुक्त है. अगर किसी ने बहन-बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा में सेंधमारी करने का प्रयास किया तो उसका अंजाम तय है या तो जेल या जहन्नुम. उन्होंने कहा कि राज्य में माफियाओं को मि्टटी में मिलाया जा चुका है और अब दंगाइयों की पीढ़ियां इस सबक को याद रखेंगी.

वो बदमाश लाते हैं, हम बदलाव लाते हैं: योगी

समाजवादी पार्टी के शासनकाल को श्राप करार देते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब तत्कालीन सपा सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां बरसाकर उन्हें लहूलुहान कर दिया था जबकि हमारी सरकार ने रामभक्तों पर पुष्पवर्षा कर भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त किया.

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों से पूछें कि सपा सरकार में कैसे त्योहारों से पहले उपद्रव और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे. दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस का मतलब अपराध और बदमाशों को बढ़ावा देना है जबकि बीजेपी आपकी आस्था को सम्मान देती है और जीवन में बदलाव लाती है.

बंपर भर्तियों का ऐलान

रोजगार के आंकड़े साझा करते हुए सीएम ने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है. उन्होंने कहा कि इसी हफ्ते 4500 सब-इंस्पेक्टर (SI) को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे जबकि दीवाली के तुरंत बाद 35000 कान्स्टेबल और 42,000 होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र मिलेंगे. सीएम ने कहा कि इसके बाद शिक्षकों और अधीनस्थ सेवा के 25 से 30 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सीएम ने कहा कि राज्य में अब पराली और गाय के गोबर के भी दाम मिलेंगे क्योंकि बायोगैस और इथेनॉल को हर जिले में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.