Tabu Birthday: तब्बू जिनका नाम बॉलीवुड की शानदार अभिनेत्रियों में शुमार है, का आज 55वां जन्मदिन है. इनका जन्म 4 नवंबर 1971 को हैदराबाद में हुआ था. आज जिन्हें पूरी दुनिया तब्बू के नाम से जानती है, असल में उनका असली नाम कुछ और है. बता दें कि तब्बू का पूरा नाम तबस्सुम फातिमा हाशमी है. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया था.
1980 के दशक में बतौर बाल कलाकार तब्बू ने शुरुआत की थी. हिंदी के अलावा उन्होंने तेलुगु, तमिल, मलयालम, मराठी, बंगाली और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है. अपनी शानदार एक्टिंग के लिए उन्हें दो बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला है. सिर्फ यही नहीं, उन्हें कई फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिले हैं. साल 2011 में उन्हें भारत सरकार ने पद्मश्री से भी सम्मानित किया था. आज उनके जन्मदिन पर नजर डालते हैं उनके 8 बेहतरीन किरदारों पर.
माचिस तब्बू के करियर की अहम फिल्मों से एक है, जिसका डायरेक्शन गुलजार ने किया था. इसमें उन्होंने वीरां का किरदार निभाया था. यह फिल्म पंजाब में आतंकवाद और उससे युवाओं की जिंदगी पर पड़ने वाले असर को दिखाती है. इस फिल्म में तब्बू ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से लोगों को ध्यान खींचा था. इस फिल्म के लिए उन्हें पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था.
अनिल कपूर और अमरीश पुरी के साथ फिल्म विरासत में तब्बू ने गेहना का किरदार निभाया था. गांव की एक समझदार और आत्मविश्वासी लड़की के रूप में उनका अभिनय काफी पसंद किया गया. इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला.
महेश मांजरेकर की फिल्म अस्तित्व में तब्बू ने अदिति नाम की शादीशुदा महिला का किरदार निभाया. फिल्म एक महिला की पहचान, उसकी आजादी और शादीशुदा जिंदगी में बराबरी जैसे मुद्दों को सामने लाती है. तब्बू ने बिना ज्यादा शोर-शराबे के अपने अभिनय से किरदार की भावनाओं को बखूबी दिखाया.
मधुर भंडारकर की फिल्म 'चांदनी बार' तब्बू के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है. इसमें उन्होंने मुमताज का किरदार निभाया, जो हालात के कारण मुंबई के डांस बार में काम करने लगती है. इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली और उन्हें दूसरा नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला.
मीरा नायर की अंग्रेजी फिल्म 'द नेमसेक' में तब्बू ने अशिमा गांगुली का किरदार निभाया था. फिल्म एक बंगाली परिवार की कहानी है, जो भारत से अमेरिका जाकर बसता है. तब्बू ने एक ऐसी महिला की भूमिका निभाई, जो नए देश में अकेलेपन और मुश्किलों का सामना करते हुए अपने परिवार को संभालती है. इरफान खान के साथ उनकी जोड़ी को भी काफी पसंद किया गया.
तब्बू ने साबित किया कि वह गंभीर किरदारों के साथ कॉमेडी और रोमांस में भी माहिर हैं. फिल्म 'चीनी कम' में उन्होंने नीना का किरदार निभाया था. अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आई. फिल्म में उन्होंने एक आत्मविश्वासी, खुशमिजाज और समझदार महिला का किरदार निभाया.
विशाल भारद्वाज की फिल्म 'हैदर' में तब्बू ने गजाला का किरदार निभाया था. शेक्सपियर के नाटक 'हैमलेट' पर आधारित इस फिल्म की कहानी कश्मीर की पृष्ठभूमि में दिखाई गई है. शाहिद कपूर की मां के रूप में तब्बू ने प्यार, दर्द और पारिवारिक उलझनों को शानदार तरीके से पर्दे पर उतारा. इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला.
श्रीराम राघवन की थ्रिलर फिल्म 'अंधाधुन' में तब्बू ने सिमी का किरदार निभाया था. इस फिल्म में वह एक ऐसी महिला बनीं, जो कभी बेहद आकर्षक तो कभी खतरनाक नजर आती है. आयुष्मान खुराना के साथ उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया. सिमी का किरदार आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार नेगेटिव किरदारों में गिना जाता है.