बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में मंगलवार को गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. एक घर के दरवाजे पर सिलेंडर रखते समय उसमें आग भड़क उठी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था, जो घर के बाहर जल रहे दीये की लौ के संपर्क में आने से आग में बदल गया. इस घटना में गैस सिलेंडर पहुंचाने वाला डिलीवरी कर्मचारी बाल-बाल बच गया. पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के अनुसार यह घटना मल्लेश्वरम पुलिस थाना क्षेत्र की है. मंगलवार को एक डिलीवरी कर्मचारी LPG सिलेंडर लेकर एक घर पहुंचा था. वह सिलेंडर को अपने कंधे पर उठाकर घर के प्रवेश द्वार के पास रख रहा था. इसी दौरान सिलेंडर से गैस का हल्का रिसाव होने लगा. बताया जा रहा है कि गैस घर के दरवाजे पर जल रहे पारंपरिक दीये के संपर्क में आ गई, जिसके बाद अचानक आग लग गई.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर के सदस्य ने कुछ देर पहले दरवाजे के बाहर सफाई की थी. इसके बाद पूजा करके घर की दहलीज पर तेल का दीया जलाया गया था. इसी बीच गैस सिलेंडर की डिलीवरी हो गई. डिलीवरी कर्मचारी कथित तौर पर दरवाजे के पास जल रहे दीये को देख नहीं पाया और सिलेंडर को वहीं रखने लगा.
दहलीज पर रखे जलते दीपक से गैस रिसाव वाले डिलीवरी सिलेंडर में आग लग गई, जिससे पल भर में भीषण आग भड़क उठी। मल्लेश्वरम, बेंगलुरु। #CCTVFootage #BengaluruFire #GasLeak #FireAccident #IndiaDaily24x7 https://t.co/CdiTUuz0x4
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) November 4, 2026
जैसे ही सिलेंडर से निकलने वाली गैस जलते हुए दीये के संपर्क में आई, आग की लपटें तेजी से फैल गईं. कुछ ही पलों में सिलेंडर के आसपास आग दिखाई देने लगी. अचानक हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, डिलीवरी कर्मचारी ने खतरे को भांपते हुए तुरंत वहां से दूरी बना ली. उसकी सतर्कता के कारण वह आग की चपेट में आने से बच गया और उसे कोई चोट नहीं आई.
घटना की सूचना मिलते ही मल्लेश्वरम पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी आम नागरिक या डिलीवरी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है.
फिलहाल गैस रिसाव और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी में दीये की लौ को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर LPG सिलेंडर की डिलीवरी और इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है.
विशेषज्ञों के अनुसार, गैस सिलेंडर के आसपास जलती हुई लौ, दीया, मोमबत्ती या किसी अन्य आग के स्रोत को नहीं रखना चाहिए. सिलेंडर की डिलीवरी के समय घर के प्रवेश द्वार के आसपास भी विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है.