menu-icon
India Daily

यूपी के बुजुर्गों के लिए बड़ी खबर, अब एक साथ नहीं दो किस्तों में आएगी पेंशन; जानें नियम

उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन योजना के भुगतान की नई व्यवस्था लागू की गई है. अब तीन महीने की 3000 रुपये की पेंशन दो किस्तों में मिलेगी. प्रत्येक किस्त 1500 रुपये की होगी और करीब 45 दिन के अंतर पर डीबीटी के जरिए बैंक खाते में भेजी जाएगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी के बुजुर्गों के लिए बड़ी खबर, अब एक साथ नहीं दो किस्तों में आएगी पेंशन; जानें नियम
Courtesy: Pinterest

उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए भुगतान की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है. अब तीन महीने की 3000 रुपये की पेंशन एक साथ मिलने के बजाय दो बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. दोनों किस्तों की राशि 1500-1500 रुपये होगी और भुगतान डीबीटी के जरिए किया जाएगा.

नई व्यवस्था के तहत 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन को दो हिस्सों में बांटा गया है. प्रत्येक किस्त 1500 रुपये की होगी. दोनों किस्तों के बीच करीब 1.5 महीने यानी 45 दिन का अंतर रहेगा. विभाग के मुताबिक 1.19 लाख वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थी हैं और उनके बैंक खातों में नई व्यवस्था के तहत पेंशन की राशि पहुंचनी शुरू हो गई है.

80 साल से अधिक उम्र वालों के लिए अलग योगदान

वृद्धावस्था पेंशन में राज्य और केंद्र सरकार दोनों का योगदान होता है. 80 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों को मिलने वाली 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन में राज्य और केंद्र सरकार का हिस्सा बराबर है. दोनों सरकारें 1500-1500 रुपये का योगदान देती हैं.

वहीं, 80 वर्ष से कम उम्र के लाभार्थियों के लिए 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन में राज्य सरकार का योगदान 2400 रुपये और केंद्र सरकार का हिस्सा 600 रुपये है. हालांकि लाभार्थी के खाते में कुल 3000 रुपये की पेंशन राशि ही पहुंचती है.

60 साल की उम्र पूरी होने पर कर सकते हैं आवेदन

जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह के मुताबिक वृद्धावस्था पेंशन के लिए व्यक्ति की उम्र 60 वर्ष पूरी होनी चाहिए. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में वार्षिक आय 46 हजार 80 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56 हजार 460 रुपये होनी चाहिए.

आवेदन के लिए परिवार रजिस्टर की नकल, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होगी. यदि शैक्षिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं तो उन्हें भी लगाया जा सकता है. लाभार्थी एकीकृत सामाजिक पेंशन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं.

बैंक खाते में सीधे आएगी पेंशन

नई व्यवस्था में पेंशन का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में किया जाएगा. प्रत्येक किस्त 1500 रुपये की होगी और इसे करीब 45 दिन के अंतर पर जारी किया जाएगा. पेंशन भुगतान की स्थिति एसएमएस और पोर्टल के माध्यम से भी देखी जा सकेगी.

पेंशन का लाभ लेने के लिए आयु प्रमाण जरूरी है. इसके साथ बैंक खाता आधार से लिंक होना भी जरूरी है. नई किस्त प्रणाली का उद्देश्य लाभार्थियों को पेंशन की राशि नियमित अंतराल पर उपलब्ध कराना है. इससे तीन महीने की राशि का इंतजार करने के बजाय लाभार्थियों को करीब डेढ़ महीने के अंतर पर 1500 रुपये की किस्त मिलती रहेगी.