menu-icon
India Daily

मायावती का बड़ा ऐलान, भतीजी दीपिका आनंद को मिल सकती है बसपा की कमान; आकाश-ईशान पर बड़ा फैसला

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भतीजी दीपिका आनंद को कमान सौंपने का संकेत दिया. उन्होंने आकाश और ईशान को पद देने से मना करते हुए चुनाव में 50% युवाओं को टिकट देने की घोषणा की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मायावती का बड़ा ऐलान, भतीजी दीपिका आनंद को मिल सकती है बसपा की कमान; आकाश-ईशान पर बड़ा फैसला
Courtesy: X

बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने संकेत दिया है कि वे अपनी भतीजी दीपिका आनंद को पार्टी की जिम्मेदारी सौंप सकती हैं. उन्होंने कहा कि यदि उनके भाई आनंद कुमार को संगठनात्मक कार्यों के लिए किसी सहयोगी की आवश्यकता होती है, तो वे अपनी इकलौती बेटी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं. मायावती ने स्पष्ट किया कि यदि दीपिका इस दायित्व के लिए तैयार नहीं होती हैं, तो पार्टी की कमान दलित समाज के किसी निष्ठावान मिशनरी कार्यकर्ता को सौंपी जाएगी.

परिवारवाद पर रुख और भतीजों को पद देने से इनकार

मायावती ने स्पष्ट किया कि उनके भतीजों आकाश आनंद और ईशान आनंद तथा उनके भविष्य के बच्चों को पार्टी में कोई राजनीतिक पद नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा कि कांशीराम के सिद्धांतों पर चलते हुए वे परिवारवाद के खिलाफ डटी रहेंगी. उन्होंने कहा कि महिला होने के कारण सुरक्षा और अन्य व्यावहारिक कारणों से उन्हें अपने सबसे छोटे भाई को साथ रखना पड़ा था, लेकिन अब वे किसी पारिवारिक मोह में नहीं पड़ेंगी. गौरतलब है कि मायावती ने दो दिन पहले ही आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया था.

आगामी विधानसभा चुनावों में 50% युवाओं को टिकट

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए मायावती ने बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है. उन्होंने घोषणा की कि चुनाव में 50% टिकट 'जेन-जी' यानी युवा चेहरों को दिए जाएंगे. इसमें पुरुषों और महिलाओं दोनों की समान भागीदारी होगी. इस कदम को युवाओं को साधने और पार्टी में नई ऊर्जा फूंकने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.

विरोधियों पर निशाना और निष्कासितों की वापसी से इनकार

मायावती ने कहा कि विरोधी दलों के जातिवादी रवैये के कारण 2012 में बसपा की पांचवीं बार सरकार नहीं बन सकी, जिसका खामियाजा सर्वसमाज भुगत रहा है. उन्होंने निष्कासित नेताओं की वापसी की खबरों को 'फेक न्यूज' करार देते हुए साफ किया कि अनुशासनहीनता के आरोप में निकाले गए लोगों को पार्टी में दोबारा शामिल नहीं किया जाएगा.