उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' में पीतल नगरी मुरादाबाद अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है. संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार के अनुसार, मुरादाबाद से कुल 78 कारोबारी, नए व स्थापित निर्यातक, महिला-युवा उद्यमी और ओडीओपी (ODOP) दस्तकार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भाग लेंगे. 1,10,000 वर्ग मीटर से अधिक में फैले इस एक्सपो में लगभग 1.50 लाख बिजनेस खरीदार और 4.50 लाख आम उपभोक्ता जुटेंगे.
इस बार ट्रेड शो का मुख्य आकर्षण मुरादाबाद के नए निर्यातकों की भागीदारी है. हॉल नंबर 14 में शहर के 42 नए निर्यातकों ने अपने स्टॉल सुरक्षित किए हैं, जो पहली बार सीधे विदेशी खरीदारों के सामने अपने उत्पादों की नुमाइंदगी करेंगे. यह भागीदारी दर्शाती है कि शहर की युवा पीढ़ी अब बिचौलियों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ रही है. इसके अलावा, हॉल नंबर 15 में 14 बड़े और स्थापित निर्यातक विदेशी बायर्स के साथ पूर्व समझौतों का विस्तार करेंगे.
ट्रेड शो में जमीनी स्तर के कारीगरों और छोटे निर्माताओं को विशेष स्थान दिया गया है. हॉल नंबर 09 में ओडीओपी श्रेणी के तहत 12 स्टॉल आवंटित किए गए हैं, जहां पारंपरिक शिल्पी अपनी नक्काशी का प्रदर्शन करेंगे. वहीं हॉल नंबर 10 में एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमियों के लिए 10 स्टॉल बुक किए गए हैं, जहां आधुनिक तकनीकों और स्टार्टअप उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा. इस प्रकार चारों श्रेणियों को मिलाकर मुरादाबाद के 78 प्रतिनिधि वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ेंगे.
रूस, सिंगापुर, वियतनाम और ऑस्ट्रिया इस आयोजन के पार्टनर देश हैं. एक्सपो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं. यूएई, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय देशों से आ रहे प्रतिनिधियों की उपस्थिति से मुरादाबाद के पीतल उद्योग को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा. बिचौलियों का कमीशन खत्म होने से स्थानीय दस्तकारों को अपने उत्पादों की पूरी कीमत मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.