menu-icon
India Daily

यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का डैमेज कंट्रोल शुरू, अदिति सिंह और संजय निषाद को साधने की कवायद

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है.  नाराज नेताओं और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के लिए अहम मुलाकातें जारी हैं. 

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Anuj Kumar
Reported By: Anuj Kumar
यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का डैमेज कंट्रोल शुरू, अदिति सिंह और संजय निषाद को साधने की कवायद
Courtesy: Anuj kumar

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन और सहयोगियों के बीच तालमेल मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. पार्टी का मुख्य उद्देश्य नाराज नेताओं को मनाना और गठबंधन के साथियों के साथ समन्वय को बेहतर बनाना है. 

योगी-अदिति सिंह की मुलाकात से तेज हुईं अटकलें

इसी रणनीति के तहत रायबरेली सदर से बीजेपी विधायक अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. अदिति सिंह के फिर से कांग्रेस में शामिल होने की लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं. ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ हुई यह बैठक राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. 

विनोद तावड़े पहुंचे संजय निषाद के घर

दूसरी ओर, बीजेपी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े गोरखपुर स्थित निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद के आवास पहुंचे. हाल के दिनों में संजय निषाद की बीजेपी से नाराजगी की खबरें आ रही थीं. तावड़े के पहुंचने पर निषाद के परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. 

गठबंधन और आरक्षण पर मंथन

विनोद तावड़े और संजय निषाद के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई. इस दौरान गठबंधन में बेहतर समन्वय, सीट बंटवारे और निषाद समाज से जुड़े आरक्षण के मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा की गई. बीजेपी की इन लगातार मुलाकातों को 2027 के चुनाव से पहले सहयोगियों को एकजुट रखने के ठोस प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.