यूपी: समाजवादी पार्टी के विधायकों ने यूपी विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. सपा के कई विधायक पोस्टर, बैनर और दान पेटी लेकर पहुंचे. उन्होंने राम मंदिर दान चोरी, नीट परीक्षा पेपर लीक, आरक्षण संबंधी मुद्दे और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज जैसे विषयों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई.
प्रदर्शन में विधायक हाथों में प्लेकार्ड थामे दिखे, जिन पर इन मुद्दों से जुड़े नारे लिखे थे. कुछ विधायक दान पेटी लेकर आए और सरकार पर निशाना साधा. सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि चंदा चोरी मामले में छोटी मछलियों को तो पकड़ लिया गया, लेकिन बड़े नाम अभी भी बच निकले हैं. उन्होंने स्कूलों, नीट और अटकी हुई भर्तियों के मुद्दे भी उठाए.
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 3, 2026
इस हंगामे के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. ऐसे में अनावश्यक हंगामा करने की जरूरत नहीं है. खन्ना ने घोषणा की कि सरकार अगले दिन दोपहर 12:30 बजे अनुपूरक बजट पेश करेगी.
वित्त मंत्री ने विपक्ष द्वारा सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों की भी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान सनातन को बदनाम करने का प्रयास बिल्कुल गलत था. पप्पू यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू संस्कृति का मजाक उड़ाना शर्मनाक है. खन्ना ने साफ किया कि सरकार सदन में सभी मुद्दों का सामना करने को तैयार है और चर्चा से कोई भाग नहीं रही.
समाजवादी पार्टी का यह प्रदर्शन सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में काफी उग्र रहा. विधायक लगातार सरकार पर सवाल उठाते रहे. वहीं सत्ताधारी पक्ष का रुख यह रहा कि सदन के अंदर बैठकर मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, बाहर हंगामा करने से कोई फायदा नहीं.