menu-icon
India Daily

2027 चुनाव से पहले एक्शन मोड में सीएम योगी, सिर्फ दो महीनों में 100 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों का किया दौरा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दो महीनों में 18 मंडलों के 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है. इस दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, समीक्षा बैठकें और जनसभाएं कीं.

babli
Edited By: Babli Rautela
2027 चुनाव से पहले एक्शन मोड में सीएम योगी, सिर्फ दो महीनों में 100 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों का किया दौरा
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में चुनावी हलचल तेज होने लगी है. राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में लगातार दौरे कर जनसंपर्क अभियान को गति दी है. पिछले दो महीनों में मुख्यमंत्री ने 18 मंडलों के 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है. इन दौरों के दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ-साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें भी कीं.

प्रदेशभर में बढ़ाई जनसंपर्क की रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल के सप्ताहों में बिजनौर, गाजियाबाद, आगरा, झांसी, मैनपुरी, वाराणसी और गोरखपुर सहित प्रदेश के कई प्रमुख जिलों का दौरा किया. इन कार्यक्रमों में उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया और जनता को नई परियोजनाओं की सौगात दी. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी की.

मुख्यमंत्री की सक्रियता केवल सार्वजनिक सभाओं तक सीमित नहीं रही. उन्होंने नियमित जनता दर्शन, कानून-व्यवस्था की समीक्षा, संगठनात्मक बैठकों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के जरिए सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर सक्रियता बनाए रखी. भारतीय जनता पार्टी इसे सरकार के विकास कार्यों और जनसंपर्क को साथ लेकर चलने की रणनीति के रूप में पेश कर रही है.

विपक्ष की सक्रियता भी चर्चा में

वहीं, विपक्षी दल भी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, हालांकि हाल के महीनों में उनकी सार्वजनिक गतिविधियां अपेक्षाकृत कम नजर आई हैं. रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की आखिरी बड़ी सार्वजनिक रैली इस वर्ष मार्च में दादरी में हुई थी, जिसे पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत माना गया था. इसी तरह बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की प्रदेश में आखिरी बड़ी रैली पिछले वर्ष 9 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित हुई थी.

चुनावी मुकाबला आने वाले महीनों में होगा और तेज

हालांकि विधानसभा चुनाव 2027 की घोषणा अभी नहीं हुई है और चुनाव में अभी समय बाकी है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले महीनों में सभी प्रमुख दल अपने जनसंपर्क अभियान और चुनावी गतिविधियों को और तेज करेंगे.

फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लगातार दौरों और विकास कार्यक्रमों ने प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को गति दी है. दूसरी ओर, विपक्ष भी अपनी रणनीति को मजबूत करने की तैयारी में जुटा है. आगामी महीनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति और अधिक सक्रिय होने की संभावना है.