menu-icon
India Daily

2.10 करोड़ के बीमे के लिए करा दी अपने ही बेटे की हत्या, अब पिता समेत पांच पर बड़ी कार्रवाई

मुरादाबाद में 2.10 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम के लिए बेटे अनिकेत शर्मा की हत्या कराने के आरोप में पिता बाबूराम शर्मा समेत पांच लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
2.10 करोड़ के बीमे के लिए करा दी अपने ही बेटे की हत्या, अब पिता समेत पांच पर बड़ी कार्रवाई
Courtesy: Pinterest

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 2.10 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम के लिए अपने ही बेटे की हत्या कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कुन्दरकी थाना पुलिस ने आरोपी पिता बाबूराम शर्मा, अधिवक्ता आदेश कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने बाबूराम शर्मा को गिरोह का सरगना बताया है.

पुलिस के अनुसार बाबूराम शर्मा ने अधिवक्ता आदेश कुमार के साथ मिलकर अपने 30 वर्षीय बेटे अनिकेत शर्मा के नाम पर 2.10 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी कराई थी. इसके बाद बीमा की रकम हासिल करने के लिए बेटे की हत्या की साजिश रची गई. आरोप है कि इसके लिए असलम उर्फ सुल्तान को 3.5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक असलम ने तहब्बुर मेवाती और साजिद मेवाती के साथ मिलकर अनिकेत को बहजोई से अगवा किया और कुन्दरकी क्षेत्र में ले गया. आरोप है कि वहां रॉड से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया गया और अनिकेत की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, ताकि पूरी घटना सड़क हादसे जैसी लगे.

यह मामला 16 नवंबर 2025 की रात सामने आया था. कुन्दरकी थाना क्षेत्र में जैतपुर के पास खेत में अनिकेत का खून से लथपथ शव मिला था. शुरुआत में परिवार की ओर से उसकी मौत को हादसा बताया गया था, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर हत्या की बात सामने आई. कुन्दरकी पुलिस ने 4 दिसंबर 2025 को अनिकेत के पिता बाबूराम शर्मा, असलम उर्फ सुल्तान, तहब्बुर मेवाती और साजिद को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था. पुलिस के अनुसार, इस साजिश में अधिवक्ता आदेश कुमार भी शामिल था.

जांच में क्या आया सामने?

जांच में सामने आया कि 2 जनवरी 2024 को बाबूराम शर्मा और अधिवक्ता आदेश कुमार ने अनिकेत का बहजोई के एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया था. इसके कुछ समय बाद उसके नाम पर टाटा कंपनी की 2.10 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी कराई गई. बाबूराम के जेल जाने के दौरान अधिवक्ता आदेश बीमा की किश्तें जमा करता रहा. बाद में दोनों ने कथित तौर पर बीमा की रकम हासिल करने के लिए हत्या की योजना बनाई.

पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के लिए तैयार पत्रावली एसएसपी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी थी. गैंग चार्ट को मंजूरी मिलने के बाद पांचों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी हत्या के मुकदमे में जमानत पर बाहर हैं और अब गैंगस्टर एक्ट के मामले में उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.