उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार शाम एक ही घर में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई. अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में पत्नी और पूजा कराने आए 2 पुजारियों की मौत हुई. वारदात के बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर में बंद हो गया.
पुलिस के अनुसार, शंभूपुर गांव में सोमवार से घर पर पूजा-पाठ चल रहा था. मंगलवार को घर लौटने के बाद व्यक्ति का पूजा करा रहे 2 पंडितों से विवाद हो गया. शुरुआती जानकारी में विवाद आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर बताया जा रहा है. बात बढ़ने पर आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से गोली चला दी. फायरिंग में उसकी पत्नी और दोनों पुजारियों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी दी गई.
वारदात के बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अंदर करीब 10 और 7 साल के दो बच्चों के अलावा 6 महीने के एक बच्चे के होने की आशंका है. आरोपी के पास 2 लाइसेंसी हथियार होने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती और बातचीत के जरिए उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रही है. मौके पर पुलिस की कई टीमें तैनात हैं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना उनकी प्राथमिकता है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फील्ड यूनिट, SOG और दूसरी टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस के मुताबिक इलाके में कानून-व्यवस्था फिलहाल नियंत्रण में है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं. पुलिस आरोपी से बातचीत कर स्थिति शांत करने की कोशिश कर रही है. साथ ही घर के अंदर मौजूद बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी सावधानी बरती जा रही है.