menu-icon
India Daily

बरेली में चाइनीज मांझे ने काटी राज्यमंत्री के भतीजे की गर्दन, भड़के मंत्री बोले- बैन के बाद कैसे बिक रहा

बरेली में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे आदित्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मंत्री ने नाराजगी जताई और प्रतिबंध के बावजूद मांझे की बिक्री पर सवाल उठाए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
बरेली में चाइनीज मांझे ने काटी राज्यमंत्री के भतीजे की गर्दन, भड़के मंत्री बोले- बैन के बाद कैसे बिक रहा
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के बरेली में चाइनीज मांझे से जुड़ा एक गंभीर हादसा सामने आया है. सुबह स्टेडियम जाते समय 15 वर्षीय आदित्यवीर सिंह गंगवार की गर्दन मांझे से कट गई. घायल किशोर का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सुबह की दौड़ बनी बड़ा हादसा

सोमवार सुबह आदित्यवीर सिंह गंगवार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से स्टेडियम की ओर जा रहे थे. जैसे ही वह श्यामगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे, अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया. इससे उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया और वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया. आदित्यवीर एक स्कूल छात्र हैं और रोजाना सुबह व्यायाम के लिए जाते थे.

मंत्री ने उठाए कड़े सवाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री संजय गंगवार अस्पताल पहुंचे. भतीजे की हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रशासन से जवाब मांगा. मंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगा चुकी है, फिर भी इसकी बिक्री जारी है. उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मंत्री का कहना है कि ऐसे खतरनाक मांझे की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं और इसके कारोबार पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए.

डॉक्टरों ने बताई गंभीर चोट की जानकारी

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार आदित्यवीर की गर्दन, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. मांझे की वजह से गर्दन की नसों को नुकसान पहुंचा और काफी खून बह गया. उनकी एक उंगली भी बुरी तरह घायल हुई है. डॉक्टरों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक ऑपरेशन किया. फिलहाल उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है लेकिन पूरी तरह ठीक होने में कुछ सप्ताह लग सकते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचाने की वजह से बड़ा खतरा टल गया.