menu-icon
India Daily

उड़ान भरने को तैयार बरेली, एक के बाद एक नए शहरों से जुड़ेगा एयरपोर्ट

बरेली एयरपोर्ट से 1 जुलाई को दिल्ली और 2 जुलाई को नोएडा जेवर के लिए उड़ान शुरू होगी. इसके बाद गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट सेवाएं शुरू करने की तैयारी चल रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
उड़ान भरने को तैयार बरेली, एक के बाद एक नए शहरों से जुड़ेगा एयरपोर्ट
Courtesy: @AAIBLYAIRPORT1 X Acoount

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हवाई संपर्क तेजी से मजबूत हो रहा है. इसी क्रम में बरेली एयरपोर्ट से नई उड़ानों का विस्तार किया जा रहा है. एक जुलाई से बरेली से दिल्ली के लिए और दो जुलाई से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इसके बाद गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है.

बरेली एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नए गंतव्यों के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं. यात्री सर्वे में सामने आया है कि बड़ी संख्या में लोग गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानों की मांग कर रहे हैं. इसी के आधार पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों और नागरिक उड्डयन से जुड़े अधिकारियों के साथ बातचीत शुरू कर दी है.

वर्तमान में कौन-कौन सी उड़ान सेवाएं हैं उपलब्ध?

वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ान सेवाएं उपलब्ध हैं. अब दिल्ली और नोएडा से सीधा जुड़ाव मिलने के बाद यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे. इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी लाभ होगा.

विशेष रूप से सूरत के लिए प्रस्तावित उड़ान बरेली के जरी और जरदोजी उद्योग के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. सूरत देश का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है और वहां तक सीधी हवाई सेवा मिलने से कारोबारियों को समय और संसाधनों की बचत होगी. वहीं गोवा, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे शहरों तक सीधी पहुंच बनने से पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

एयरपोर्ट प्रशासन ने क्या बताया?

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि प्रस्तावित उड़ानों को लेकर कई एयरलाइंस कंपनियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं. साथ ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के स्तर पर भी आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय सामने आ सकता है.

यात्रियों की संख्या दर्ज हुई वृद्धि?

यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है. एयरपोर्ट प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में बरेली एयरपोर्ट से 1,21,843 यात्रियों ने यात्रा की थी. वहीं वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 1,28,170 हो गई. यानी एक साल में 6,687 अतिरिक्त यात्रियों ने हवाई यात्रा का उपयोग किया है. यह आंकड़ा बरेली में बढ़ती हवाई सेवाओं की मांग को दर्शाता है.