menu-icon
India Daily

मौसम का अलर्ट: अर्नब के बाद एक और चक्रवाती तूफान का खतरा, 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
मौसम का अलर्ट: अर्नब के बाद एक और चक्रवाती तूफान का खतरा, 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नवंबर का पहला दिन देश के कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकता है. बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम तेजी से ताकतवर हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 12 से 18 घंटों में यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके चलते पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की आशंका है.

आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर सबसे ज्यादा असर की आशंका

इस मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है. 2 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. बंगाल की खाड़ी में 1 नवंबर की दोपहर से हवाएं 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं.

20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

IMD ने तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना जताई है. इन राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है.

दिल्ली में साफ रहेगा आसमान, लेकिन चलेंगी हवाएं

दिल्ली में 1 से 3 नवंबर के बीच आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 2 और 3 नवंबर को न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. इस दौरान उत्तर पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी. पिछले दिनों की बारिश के बाद सुबह शाम ठंड का एहसास बना रह सकता है.

यूपी में राहत, बिहार में हल्की बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पश्चिमी यूपी में भी मौसम सामान्य होने की संभावना है. दूसरी ओर, बिहार में 1 और 2 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि, राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है. बारिश के चलते बिहार में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है.

मध्य प्रदेश और झारखंड में कई दिन तक बदलता रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 1 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 2 से 4 नवंबर के बीच भी छिटपुट बारिश का अनुमान है. 4 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं. झारखंड में 1 से 5 नवंबर तक हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन भारी बारिश का विशेष अलर्ट नहीं है.

Topics