Italy Military Helicopter Crash: बोस्निया के आसमान में एक नियमित सैन्य अभ्यास अचानक बड़े हादसे में बदल गया. इटली का भारी सैन्य हेलिकॉप्टर चिनूक CH-47 उड़ान के दौरान अपना संतुलन खो बैठा. देखते ही देखते वह हवा में गोल-गोल घूमने लगा और फिर सीधे जमीन पर जा गिरा. इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए. हेलिकॉप्टर में कुल 15 लोग सवार थे.
यह दुर्घटना 29 अक्टूबर को बोस्निया के उत्तरी हिस्से में स्थित ब्रचको इलाके में हुई. राजधानी साराजेवो से यह जगह करीब 180 किलोमीटर दूर है. हेलिकॉप्टर यूरोपीय संघ की शांति सेना EUFOR के साथ काम कर रहा था. हादसे की खबर सामने आते ही स्थानीय प्रशासन और अस्पताल की टीमें घायलों की मदद में जुट गईं.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हेलिकॉप्टर हवा में तेजी से घूमता दिखाई देता है. कुछ ही पलों बाद वह एक घास वाले मैदान में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है. स्थानीय मीडिया की तस्वीरों में विमान का मलबा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया.
बोस्निया और हर्जेगोविना में इटली के सैन्य CH-47 चिनूक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का भयावह क्षण कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और हादसे की गंभीरता को दर्शाता है। #ChinookCrash #BosniaAccident #ItalyMilitary #ViralNews #IndiaDaily24x7 https://t.co/86PDISJJoh
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) October 30, 2026Also Read
ब्रचको अस्पताल के प्रवक्ता सालिह इब्राहिम बेगोविच के मुताबिक, तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक की मौत अस्पताल पहुंचने के बाद हुई. इटली के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में दो सैनिक और रेड क्रॉस के दो वालंटियर्स शामिल हैं.
हादसे में घायल सभी 11 लोगों को ब्रचको अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से तीन को बेहतर इलाज के लिए करीब 50 किलोमीटर दूर तुजला के अस्पताल भेजने की तैयारी की गई. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, डॉक्टर घायलों की जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं.
हेलिकॉप्टर आखिर किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. EUFOR ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. शांति सेना ने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी आम नागरिक को चोट नहीं आई और न ही आसपास की इमारतों, वाहनों या संपत्ति को नुकसान पहुंचा है.
इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई. प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की.