पंजाब पुलिस में लंबे समय से प्रमोशन की राह देख रहे इंस्पेक्टरों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. गृह मामलों एवं न्याय विभाग की अधिसूचना के मुताबिक 70 अधिकारियों को डीएसपी बनाया गया है. पदोन्नति पाने वालों में जिला और आर्म्ड कैडर के अधिकारी शामिल हैं. इन सभी को पंजाब पुलिस सेवा के वेतन स्तर-18 में जगह दी गई है. नए पद के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां और वेतन दोनों बढ़ेंगे. यह आदेश विभागीय तरक्की कमेटी की सिफारिशों पर आधारित है.
सरकार के आदेश के मुताबिक पदोन्नत किए गए 70 अधिकारियों में 50 इंस्पेक्टर जिला कैडर से हैं. वहीं आर्म्ड कैडर के 20 इंस्पेक्टरों को डीएसपी पद पर नियुक्ति मिली है. इनमें कई अधिकारी लंबे समय से इंस्पेक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. पदोन्नति का फैसला विभागीय तरक्की कमेटी की 23 मई 2025 को हुई बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया है.
DSP पद पर पहुंचने वाले इन अधिकारियों को पंजाब पुलिस सेवा के वेतन स्तर-18 का लाभ मिलेगा. इस स्तर में 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित है. अधिसूचना के अनुसार अधिकारियों की नियुक्ति वरिष्ठता सूची में उनकी स्थिति और लागू नियमों के आधार पर की गई है. यानी प्रमोशन में विभागीय नियमों और अधिकारियों की वरिष्ठता को ध्यान में रखा गया है.
सरकार ने आदेश में पदोन्नति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी है. इसके तहत अधिकारियों को डीएसपी पद का लाभ तत्काल प्रभाव से मिलेगा, लेकिन यह पदोन्नति फिलहाल एक साल की अवधि के लिए होगी. इस फैसले से अधिकारियों को उच्च जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिलेगा. साथ ही वेतन में भी बढ़ोतरी होगी. लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे पुलिस अधिकारियों के लिए इसे अहम राहत माना जा रहा है.
पंजाब पुलिस में DSP की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है. ये अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की जांच की निगरानी और पुलिस प्रशासन से जुड़े काम संभालते हैं. ऐसे में 70 इंस्पेक्टरों की पदोन्नति से विभाग को अनुभवी अधिकारियों की अतिरिक्त ताकत मिलेगी. खासकर फील्ड स्तर पर डीएसपी की उपलब्धता बढ़ने से पुलिस प्रशासन को कामकाज संभालने में मदद मिल सकती है. सरकार ने सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह आदेश जारी किया है.