menu-icon
India Daily

Punjab Weather: गर्मी से मिलेगी राहत या बढ़ेगी परेशानी? पंजाब में 16 सितंबर तक बारिश का बड़ा अलर्ट

पंजाब में मानसून फिर सक्रिय होने से अगले चार दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने वाला है. पठानकोट से शुरुआत के बाद कई उत्तरी और मध्य जिलों में भारी बारिश तापमान घटाएगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Punjab Weather: गर्मी से मिलेगी राहत या बढ़ेगी परेशानी? पंजाब में 16 सितंबर तक बारिश का बड़ा अलर्ट
Courtesy: AI

पंजाब में उमस और गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 13 सितंबर से बारिश का दौर शुरू होगा और अगले कुछ दिनों में इसका असर कई जिलों तक पहुंच सकता है. शुरुआत में पठानकोट और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि 14 और 15 सितंबर को कुछ उत्तरी जिलों में भारी बारिश हो सकती है. 16 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है. इससे तापमान में भी गिरावट आ सकती है.

13 सितंबर को पठानकोट में बारिश का अलर्ट

रविवार को पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. हालांकि पठानकोट में भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अमृतसर, गुरदासपुर और नवांशहर समेत उत्तरी जिलों में कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है. वहीं फिरोजपुर, मोगा, फाजिल्का, बठिंडा और फरीदकोट में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.

14 और 15 सितंबर को इन जिलों में बरसेगा पानी

सोमवार को पठानकोट और गुरदासपुर में भारी बारिश के आसार हैं. इसके अगले दिन यानी मंगलवार को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में बारिश तेज हो सकती है. इन इलाकों में निगरानी रखने की सलाह दी गई है. पंजाब के बाकी हिस्सों में इन दोनों दिनों के दौरान मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. इसके बाद बारिश का प्रभाव और बढ़ने की संभावना जताई गई है.

16 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा

बुधवार को पंजाब में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है. अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर समेत कई उत्तरी व मध्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है. बारिश बढ़ने से राज्य के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर

12 सितंबर को पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहा. केवल लुधियाना में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री ऊपर रहा. रूपनगर के भाखड़ा बांध केंद्र में 36.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मोहाली में 35.9, पटियाला में 35.6 और लुधियाना में 35.4 डिग्री तापमान रहा. चंडीगढ़ में पारा 36.8 डिग्री तक पहुंचा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था.