menu-icon
India Daily

शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता वरिंदर सिंह बाजवा का निधन

पंजाब में होने वाले चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लगा है. वरिष्ठ अकाली नेता वरिंदर सिंह बाजवा का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया. बाजवा काफी लंबे समय से बीमार थे.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता वरिंदर सिंह बाजवा का निधन
Courtesy: X (@DrRajChabbewal)

अकाली नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य वरिंदर सिंह बाजवा का शनिवार को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया. पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे बाजवा के निधन से शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं और नेतृत्व में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है. 

पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावसे पहले अकाली दल को झटका लगा है. बाजवा लंबे समय तक जिला स्तर की अकाली राजनीति में सक्रिय रहे थे. उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.

राजनीतिक विरासत और प्रारंभिक जीवन

वरिंदर सिंह बाजवा को राजनीति विरासत में मिली थी. उनके पिता बलवंत राय बाजवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे. बचपन से ही राजनीतिक माहौल में पले-बढ़े बाजवा ने पिता से संगठन चलाने के गुर और राजनीतिक बारीकियां सीखीं. इन संस्कारों ने उनके सार्वजनिक जीवन की मजबूत नींव रखी. करीब छह दशक के लंबे सफर में उन्होंने पार्टी संगठन से लेकर संसद तक विभिन्न भूमिकाएं निभाईं.

बाजवा ने साल 1984 में दरबार साहिब पर हुए सैन्य अभियान के बाद बाजवा ने कांग्रेस से संबंध तोड़ लिए और शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए. इसके बाद उन्होंने अकाली राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई. जिला स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. वह लंबे समय तक शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान रहे और जथेदार के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली. संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और पकड़ के कारण उन्हें समय-समय पर कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए.

राज्यसभा में पहुंचा राजनीतिक सफर

बाजवा के राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय 2004 से 2010 तक राज्यसभा सदस्य के रूप में रहा. इस दौरान उन्होंने पंजाब और अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने का प्रयास किया. अकाली राजनीति में उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में बनी, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन के साथ जुड़कर काम किया और पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के कई उतार-चढ़ाव देखे.

बाजवा के निधन से शिरोमणि अकाली दल को बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने पिता से मिले कांग्रेस के संस्कारों से शुरुआत की, लेकिन 1984 के बाद अकाली दल में ऐसी पहचान बनाई जो दशकों तक बनी रही. पार्टी कार्यकर्ता और नेता उनके योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त कर रहे हैं. उनका निधन पंजाब की राजनीति में एक अनुभवी आवाज का सन्नाटा छोड़ गया है.