Amritsar ASI Firing : अमृतसर में पुलिस अधिकारी पर फायरिंग का मामला सामने आया है. पुलिस लाइन से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे ASI जसवंत सिंह को भल्ला पिंड गांव के पास गोली मार दी गई. सिर में गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाई और खुद मोटरसाइकिल चलाकर थाना अजनाला पहुंचे, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक, ASI जसवंत सिंह अमृतसर पुलिस लाइन में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अजनाला की ओर जा रहे थे. इसी दौरान भल्ला पिंड गांव के नजदीक एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी. फायरिंग में गोली उनके सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद भी उन्होंने खुद को संभाला और मोटरसाइकिल चलाकर थाना अजनाला पहुंच गए. थाने में पहुंचकर उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी और बताया कि रास्ते में उन पर फायरिंग हुई है.
थाने पहुंचते ही पुलिस कर्मचारियों ने घायल ASI को इलाज के लिए अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस के अनुसार, जसवंत सिंह की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है लेकिन सिर में गोली लगने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और इलाज जारी है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. अभी तक फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है और हमले की वजह भी सामने नहीं आई है.
इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना थाना राजासांसी के इलाके में हुई है. पुलिस अब हमलावर की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है.