menu-icon
India Daily

गुरु रविदास के नाम पर पूरे पंजाब में चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान', भाजपा का ऐलान

पंजाब भाजपा ने गुरु पूर्णिमा से संत गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के अवसर पर 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू करने की घोषणा की है. यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक सामाजिक समरसता, समानता और न्याय का संदेश पहुंचाएगा.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
गुरु रविदास के नाम पर पूरे पंजाब में चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान', भाजपा का ऐलान
Courtesy: social media

पंजाब भाजपा ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर से राज्यभर में 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू करने का फैसला किया है. पार्टी के अनुसार यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम संत गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष को समर्पित रहेगा. इसके माध्यम से सामाजिक समरसता, सम्मान, समानता और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

गुरु पूर्णिमा से अभियान का शुभारंभ

पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि 29 जुलाई से शुरू होने वाला यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. इसकी शुरुआत 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव' से होगी. इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न गुरु रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा.

साथ ही भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक लंगर आयोजित किए जाएंगे. पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के समता, सम्मान, सामाजिक न्याय और भाईचारे के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा. अभियान को राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरे देश में संचालित किया जाएगा, जबकि पंजाब में इसे विशेष रूप से व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है.

कलश वंदन, संत संपर्क और समरसता यात्रा पर रहेगा जोर

अभियान के अगले चरण में 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' चलाया जाएगा. इसके तहत वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी वाले कलश को पंजाब के विभिन्न गुरु रविदास मंदिरों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जाएगा. इसके अलावा 29 जुलाई से 31 अगस्त तक 'संत संपर्क अभियान' के अंतर्गत भाजपा के नेता और कार्यकर्ता रविदास परंपरा से जुड़े संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे. वहीं 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी तक 'समरसता यात्रा' निकाली जाएगी, जिसमें सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिया जाएगा.

छात्रों तक पहुंचेगा संदेश, समिति करेगी संचालन

भाजपा ने अभियान के अंतिम चरण में 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान' चलाने का भी निर्णय लिया है. इस दौरान छात्रावासों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प से परिचित कराया जाएगा. अभियान के सुचारु संचालन के लिए प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने डॉ. जगमोहन सिंह राजू, आईएएस (सेवानिवृत्त) के संयोजकत्व में राज्य स्तरीय समिति गठित की है.

समिति में पूर्व विधायक अविनाश चंदर, शीतल अंगुराल, रवि इंदर काहलों, सेवानिवृत्त आईएएस एस.आर. लाधड़, रेनू कश्यप और भानु प्रताप को सदस्य बनाया गया है. पार्टी का कहना है कि यह समिति अभियान के सभी चरणों की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी.