विदेश यात्रा करने वाले पंजाब के यात्रियों के लिए सफर अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रहा है. एयर इंडिया ने सोमवार से अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 'ईजी कनेक्ट' सेवा की शुरुआत कर दी है. इस नई व्यवस्था से यात्रियों को दिल्ली के जरिए कई देशों तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. नई सेवा के तहत अमृतसर से उड़ान भरने वाले यात्री दिल्ली पहुंचने के बाद दोबारा बैगेज जमा कराने या इमिग्रेशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरेंगे. एयर इंडिया का कहना है कि यह सुविधा यात्रियों का समय बचाएगी और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी.
'ईजी कनेक्ट' सेवा के जरिए अमृतसर से दिल्ली होते हुए उत्तरी अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया सहित कुल 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचना आसान होगा. यह सेवा केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों को वैश्विक हवाई नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ना है.
नई व्यवस्था के अनुसार यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे. इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें न तो बैगेज दोबारा जमा कराना होगा और न ही टर्मिनल बदलने की जरूरत पड़ेगी. यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट के जरिए अपनी अगली उड़ान पकड़ सकेंगे.
एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी. पहली फ्लाइट एआई-1113 सुबह 9:10 बजे अमृतसर से उड़ान भरकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी. दूसरी फ्लाइट एआई-1115 रात 10 बजे रवाना होकर 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इन दोनों उड़ानों के जरिए यात्री चार घंटे के भीतर अपनी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ सकेंगे.
सुबह की उड़ान से यात्री लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, मिलान, कोपेनहेगन, वियना, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और रोम जैसे यूरोपीय शहरों तक पहुंच सकेंगे. वहीं रात की उड़ान से न्यूयॉर्क, नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, फुकेत, बाली और दुबई सहित कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी.
एयर इंडिया के अनुसार आने वाले समय में अहमदाबाद, गोवा, कोच्ची समेत अन्य शहरों से भी 'ईजी कनेक्ट' सेवा शुरू की जाएगी. इसके अलावा अगले दो महीनों में अमृतसर के लिए अंतरराष्ट्रीय से घरेलू उड़ानों की ट्रांजिट सुविधा भी इसी मॉडल के तहत लागू करने की योजना है. इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान कम समय और अधिक सुविधा का लाभ मिलेगा.