पंजाब के मानसा जिले में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. भारतीय जनता पार्टी की 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' के दौरान झुनीर से मानसा लौट रहे भाजपा नेताओं की स्विफ्ट कार की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस दुर्घटना के बाद पार्टी ने अपनी यात्रा रोक दी.
हादसे के समय कार में कुल 6 लोग सवार थे. दुर्घटना में रमदितेवाला गांव के रहने वाले 23 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता अर्शदीप सिंह की मौत हो गई. वहीं, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनोद काली गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है. अन्य घायलों को बठिंडा के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे में घायल हुए नवदीप सिंह और मृतक अर्शदीप सिंह दोनों सगे भाई थे. अर्शदीप इसी साल भाजपा में शामिल हुए थे और एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे. बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार में गहरा मातम छा गया है. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों मृतक अर्शदीप के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इस घटना को पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. हादसे के बाद मानसा और बोहा में प्रस्तावित रैलियों को स्थगित कर दिया गया है.