menu-icon
India Daily

अमृतसर में आप सरपंच के पति की संदिग्ध हालत में मिली लाश, परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा

अमृतसर में आप सरपंच के पति और पूर्व फौजी कुलजीत सिंह का शव डेरा बाबा नानक से बरामद हुआ. तीन दिन से लापता कुलजीत के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की मांग की है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अमृतसर में आप सरपंच के पति की संदिग्ध हालत में मिली लाश, परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा
Courtesy: pinterest

अमृतसर के अजनाला स्थित महमद मंदरावाला गांव की आप सरपंच के पति और पूर्व फौजी कुलजीत सिंह संधू का शव बुधवार को डेरा बाबा नानक के हरदौरवाल गांव के पास सड़क किनारे मिला. परिजनों के अनुसार, कुलजीत सिंह 21 सितंबर की सुबह अपने पोते का प्रमाण पत्र लेने फतेहगढ़ चूड़ियां गए थे, जिसके बाद से वे लापता थे.

 परिजनों का प्रदर्शन और हत्या की आशंका

शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने कुलजीत सिंह की सुनियोजित हत्या की आशंका जताई है. इसके साथ ही परिवार ने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और इंसाफ की गुहार लगाई.

विपक्षी नेताओं का पुलिस पर आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह औजला भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि कुलजीत सिंह का मोबाइल फोन लगभग 14 घंटे तक ऑन रहा, फिर भी पुलिस ने सही समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया. उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कुलजीत सिंह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आसपास के सुरागों की जांच के बाद ही हो पाएगा.