menu-icon
India Daily

अमित शाह की जालंधर नशा मुक्ति महारैली की भव्य तैयारी, भूमि पूजन के साथ हुआ तैयारियों का आगाज

जालंधर में 30 सितंबर को गृह मंत्री अमित शाह की नशा मुक्ति महारैली होगी. 50 एकड़ में फैले रैली स्थल का भूमि पूजन हवन-यज्ञ और अरदास के साथ संपन्न हुआ.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अमित शाह की जालंधर नशा मुक्ति महारैली की भव्य तैयारी, भूमि पूजन के साथ हुआ तैयारियों का आगाज
Courtesy: X

जालंधर में परागपुर जी.टी. रोड स्थित रैली स्थल पर 30 सितंबर को होने वाली केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की विशाल 'नशा मुक्ति महारैली' की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत हो गई है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए. कार्यक्रम की सफलता और पंजाब की सुख-समृद्धि के लिए हवन-यज्ञ, अरदास और हनुमान चालीसा का पाठ कर भूमि पूजन किया गया.

50 एकड़ में भव्य इंतजाम

इस महारैली के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि में व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं. भाजपा नेता अशोक सरीन हिक्की के अनुसार, यह ऐतिहासिक रैली पंजाब के भविष्य को नई दिशा देगी. पंजाब के कोने-कोने से आने वाले हजारों लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग, पीने के पानी, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षा और बैठने की पुख्ता व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

नशा मुक्त पंजाब का संकल्प

भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब वर्तमान में नशे की गंभीर समस्या का सामना कर रहा है और पार्टी इस मुद्दे पर जन-जागरण के लिए प्रतिबद्ध है. अमित शाह की यह महारैली युवाओं को नशे के जाल से बाहर निकालने के अभियान को मजबूती देगी. भाजपा का मुख्य ध्येय पंजाब के युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है.