चंडीगढ़: फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद के पास बुधवार रात करीब 11 बजे एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गई. चंडीगढ़-सरहिंद मार्ग पर गांव पीर जैन के नजदीक ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और तुरंत उसमें आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए. इस हादसे में स्कूटी पर सवार दो युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई.
मृतकों की पहचान गांव कोटला बजवाड़ा के 42 वर्षीय मनदीप सिंह और गांव मानूपुर की 25 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है. मनदीप सिंह लकड़ी का कारीगर था और अपनी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण करता था. पूजा युवती थी और परिवार के साथ रहती थी. हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के जोर से पूजा की गर्दन धड़ से अलग हो गई और मनदीप सिंह का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. देखने वाले भी इस दृश्य को देखकर सिहर उठे.
ट्रक चंडीगढ़ की तरफ से आ रहा था. स्कूटी पर दोनों सवार थे. अचानक हुई टक्कर के बाद स्कूटी में पेट्रोल टैंक फटने से आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में पूरी स्कूटी और ट्रक के आधे हिस्से में आग फैल गई. आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कोई कुछ नहीं कर पाया.
घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स और थाना बडाली आला सिंह की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया. यातायात को भी सुचारू रूप से बहाल किया गया ताकि दूसरे वाहनों को परेशानी न हो.
सहायक थानेदार राम सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब भेज दिया गया है. हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. ट्रक ड्राइवर की भूमिका क्या थी, स्पीड कितनी थी और अन्य जरूरी पहलुओं पर गहन छानबीन चल रही है. पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.