menu-icon
India Daily

चीनी जासूसी विवाद से हिली Nvidia, क्या CEO जेनसन हुआंग की होगी छुट्टी?

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया इन दिनों गंभीर विवादों में घिरी बताई जा रही है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
चीनी जासूसी विवाद से हिली Nvidia, क्या CEO जेनसन हुआंग की होगी छुट्टी?
Courtesy: Pinterest

दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया को लेकर एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है. कंपनी के सह-संस्थापक और CEO जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी से जुड़े कथित खुलासों के बाद अब उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठने लगे हैं. रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि कंपनी का बोर्ड उनकी भविष्य की भूमिका पर फैसला लेने के लिए बैठक कर सकता है.

निजी रिश्तों को लेकर उठे गंभीर सवाल

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया का बोर्ड जल्द बैठक करके जेनसन हुआंग की कंपनी में भविष्य की भूमिका पर चर्चा कर सकता है. वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ उनके कथित संबंधों का जिक्र किया गया है. रिपोर्ट में दावा है कि वह हुआंग के अधीन काम करती थीं. इन खबरों के सामने आने के बाद कंपनी के नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

चीनी जासूसी मामले से कैसे जुड़ा विवाद?

इस पूरे घटनाक्रम में एलिस हुआंग नाम की महिला का भी जिक्र सामने आया है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह था कि वह एनवीडिया की चिप्स चीनी कंपनियों तक पहुंचाने की गतिविधियों में शामिल थीं. इसी मामले ने विवाद को और संवेदनशील बना दिया. हालांकि, एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच संबंधों को लेकर सामने आए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पत्नी से बेवफाई स्वीकार करने का दावा

रिपोर्ट के अनुसार, जेनसन हुआंग ने रविवार को कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और इसकी जिम्मेदारी ली. हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी. इसी दिन कंपनी के बोर्ड ने यह जांच शुरू की कि क्या हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे. इस जांच का उद्देश्य पूरे मामले से जुड़े संभावित जोखिमों को समझना बताया जा रहा है.

शेयरों में गिरावट से निवेशकों की बढ़ी चिंता

विवाद का असर कंपनी के कारोबार पर भी दिखाई देने की बात कही जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया के शेयर आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में करीब आठ प्रतिशत गिर गए. इस सप्ताह बोर्ड की जांच की घोषणा के बाद कंपनी के बाजार मूल्य में लगभग 600 अरब डॉलर की कमी आने का दावा किया गया है. करीब चार ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप वाली कंपनी के लिए यह घटनाक्रम निवेशकों के बीच चिंता बढ़ाने वाला है.

CEO को हटाना कंपनी के लिए आसान नहीं

विश्लेषकों का मानना है कि जेनसन हुआंग को अचानक पद से हटाना एनवीडिया के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. इसकी वजह कंपनी में किसी स्पष्ट उत्तराधिकारी योजना का नहीं होना है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग का समर्थन करते हुए उन्हें सम्मानित व्यक्ति बताया है. गौरतलब है कि हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की सह-स्थापना की थी और गेमिंग ग्राफिक्स से लेकर एआई चिप्स तक कंपनी को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया. फिलहाल, बोर्ड के संभावित फैसले और कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं.