menu-icon
India Daily

गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, भाई दूज पर घर जा रहे परिवार के 4 लोगों की मौत; उजड़ गया पूरा परिवार

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई.

Shilpa Shrivastava
गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, भाई दूज पर घर जा रहे परिवार के 4 लोगों की मौत; उजड़ गया पूरा परिवार
Courtesy: X

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई. हादसे में कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कि उसके परखच्चे उड़ गए. बताया जा रहा है कि परिवार नोएडा से प्रयागराज जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

मृतकों की पहचान प्रयागराज निवासी शिवम उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, परिवार भाई दूज के मौके पर अपने घर जा रहा था.

डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार SUV:

यह हादसा हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में भटौली के पास हुआ. बताया जा रहा है कि शिवम उपाध्याय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ SUV से सफर कर रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे में शिवम और उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल 7 वर्षीय बेटे व्योम को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. करीब 5 साल के छोटे बेटे शिवांग को जिला अस्पताल हरदोई पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच:

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिलग्राम, सांडी और मल्लावां थानों की पुलिस के साथ एक्सप्रेस-वे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के CCTV कैमरों की फुटेज और वीडियो की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद कार करीब 30 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती चली गई.