menu-icon
India Daily

सोशल मीडिया पर हुआ प्यार....पकड़े जाने पर मंदिर में हुई शादी, लेकिन दहेज नहीं मिलने पर दूल्हा फरार

झारखंड के कोडरमा जिले में प्रेम विवाह के बाद दहेज विवाद का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद प्रेमी ने शादी की लेकिन दहेज नहीं मिलने पर उसे छोड़कर फरार हो गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सोशल मीडिया पर हुआ प्यार....पकड़े जाने पर मंदिर में हुई शादी, लेकिन दहेज नहीं मिलने पर दूल्हा फरार
Courtesy: Pinterest

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. यह मामला एक प्रेम विवाह से जुड़ा है, जिसमें दूल्हा दहेज न मिलने पर अपनी दुल्हन को छोड़कर भाग गया. युवती ने स्थानीय पुलिस थाने में अपने पति रोशन कुमार और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. 

पीड़िता के अनुसार उसकी शुरुआत में सोशल मीडिया के जरिए इताय गांव के रहने वाले रोशन कुमार नाम के एक युवक से दोस्ती हुई थी. पीड़िता ने बताया कि यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और रोशन ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया. 

कब हुई दोनों की शादी?

इसी बीच 21 मई को रोशन अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए चोरी-छिपे पचौरी गांव स्थित उसके घर गया. इस दौरान युवती के परिवार वालों और गांव के कुछ लोगों ने दोनों को एक साथ देख लिया. इसके बाद मचे हंगामे के बीच युवक ने सबके सामने युवती से शादी करने की बात मान ली. जिसके वजह से अगले ही दिन यानी 22 मई को गांव के एक स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई. 

कब शुरू हुआ बवाल?

अपनी शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पति के परिवार वालों ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग की. उसे यह धमकी भी दी गई कि अगर दहेज नहीं दिया गया, तो उसे ससुराल में घुसने नहीं दिया जाएगा. युवती और उसका परिवार अभी स्थिति की गंभीरता को पूरी तरह समझ भी नहीं पाया था कि उसका पति रोशन, कोई बहाना बनाकर घर से निकला और फरार हो गया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

रोशन के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने की असफल कोशिशों के बाद, युवती कोडरमा जिले के सतगावां पुलिस थाने पहुंची. उसने एक औपचारिक आवेदन दिया और अपने पति रोशन कुमार समेत ससुराल पक्ष के सात सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. सतगावां पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.