झारखंड की राजधानी रांची के एक स्कूल के आवासीय परिसर में 11 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप स्कूल में ही पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र पर लगा है. बताया जा रहा है कि घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे हॉस्टल में हुई.
पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर पिठोरिया थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 6/21 के तहत कांड संख्या 98/26 दर्ज किया है. पुलिस ने मामले में आरोपी नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस को दिए आवेदन में पिता ने बताया कि घटना के अगले दिन 22 सितंबर को उनके बेटे ने फोन किया. वह रो रहा था और उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोग स्कूल पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी. परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्र ने उनके बेटे को डराया-धमकाया और उसके साथ जबरदस्ती की. पुलिस अब पीड़ित छात्र के बयान समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.
घटना को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि 21 सितंबर की रात हुई घटना की जानकारी प्रबंधन को थी, लेकिन इसकी सूचना तत्काल परिवार या पुलिस को नहीं दी गई. परिजनों का कहना है कि यदि घटना की जानकारी समय पर दी जाती तो मामले में तुरंत कार्रवाई हो सकती थी. इसको लेकर परिवार ने नाराजगी जताई है. हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई पक्ष सामने नहीं आया है.
पुलिस जांच के दौरान स्कूल की CBSE मान्यता को लेकर भी सवाल उठने की बात सामने आई है. आरोप है कि संस्थान में CBSE पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाई कराई जा रही थी, जबकि स्कूल को अभी तक CBSE से मान्यता नहीं मिली है. इस दावे की आधिकारिक स्थिति और इससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. घटना सामने आने के बाद स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है. पुलिस हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था, घटना के पूरे क्रम और प्रबंधन की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.