menu-icon
India Daily

झारखंड के लातेहार में गुस्से में बेटे ने पिता पर फावड़े से किया वार, अपने ही बाप को उतारा मौत के घाट

बेटे ने पिता को छोटी सी डांट देने पर गुस्से में आकर फावड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है. मामला मनिका थाना क्षेत्र के नायेकाबांध गांव का है.

antima
Edited By: Antima Pal
झारखंड के लातेहार में गुस्से में बेटे ने पिता पर फावड़े से किया वार, अपने ही बाप को उतारा मौत के घाट
Courtesy: x

झारखंड: झारखंड के लातेहार जिले में एक शॉकिंग घरेलू विवाद ने बेहद दर्दनाक रूप ले लिया. बेटे ने पिता को छोटी सी डांट देने पर गुस्से में आकर फावड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है. मामला मनिका थाना क्षेत्र के नायेकाबांध गांव का है. राजकुमार सिंह अपने बेटे चंदन सिंह को बुधवार रात घरेलू काम को लेकर डांट रहे थे. 

गुस्से में बेटे ने पिता पर फावड़े से किया वार

इसी बात पर चंदन सिंह इतना बिगड़ गया कि उसने पास पड़े फावड़े से पिता पर लगातार वार कर दिए. राजकुमार सिंह घायल अवस्था में वहीं ढेर हो गए. बेटे ने तब तक हमला नहीं रोका जब तक पिता की मौत नहीं हो गई. घटना के बाद चंदन सिंह मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही गांव वालों में हड़कंप मच गया. लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो राजकुमार सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा था. 

पुलिस को खबर मिलते ही मनिका थाना टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया. 

बेटा पहले से था मानसिक रूप से परेशान

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार चंदन सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. वह छोटी-छोटी बातों पर बहुत गुस्सा हो जाता था और उग्र व्यवहार करता था. परिवार के लोग उसे कई बार समझाते थे, लेकिन इस बार गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया. परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक राजकुमार सिंह की पत्नी और अन्य सदस्य रो-रोकर बुरा हाल हैं. पूरे गांव में मातम का माहौल है. गांव वाले आरोपी चंदन सिंह की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं.

पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी चंदन सिंह को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य वजह भी थी. यह घटना एक बार फिर से घरेलू विवाद और मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी की समस्या को उजागर करती है. कई परिवारों में छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा बढ़ जाता है, लेकिन जब कोई व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान होता है तो स्थिति खतरनाक हो सकती है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.