रांची: झारखंड में बस यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. कोडरमा जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन ने 1 जून 2026 से बस किराए में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. इस निर्णय के बाद विभिन्न रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को 15 से 30 प्रतिशत तक अधिक किराया चुकाना होगा. किराए के बढ़ने का असर एसी और नॉन एसी दोनों प्रकार की बसों पर पड़ेगा.
यह फैसला शनिवार को झुमरीतिलैया बस स्टैंड के समीप आयोजित कोडरमा जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन की बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता धर्मेंद्र उर्फ बंशी यादव ने की और संचालन सचिव संजय यादव ने किया. बैठक में कई बस संचालक और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे.
एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि हाल के दिनों में डीजल की कीमतों में कई बार वृद्धि हुई है. इसके अलावा मोटर पार्ट्स, टायर और टोल टैक्स की लागत भी लगातार बढ़ रही है. बढ़ते परिचालन खर्च के कारण बस संचालकों के लिए पुराने किराए पर सेवाएं जारी रखना मुश्किल हो गया था. इसी वजह से किराए में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है.
जानकारी के अनुसार झुमरीतिलैया से संचालित करीब 55 बसों के यात्रियों पर इसका असर पड़ेगा. इनमें लगभग 15 एसी और 30 नॉन एसी बसें शामिल हैं. रांची, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, चतरा, नवादा और रजौली जैसे प्रमुख मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में अधिक किराया देना होगा.
नई दरों के अनुसार झुमरीतिलैया से रांची जाने वाली एसी बस का किराया 350 रुपये से 50 रुपये बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया गया है. वहीं नॉन एसी बस का किराया 300 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये कर दिया गया है. हजारीबाग के लिए एसी बस का किराया 120 रुपये से बढ़कर 150 रुपये और नॉन एसी का 120 रुपये से बढ़कर 140 रुपये हो गया है.
रामगढ़ के लिए एसी बस का किराया 200 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये तथा नॉन एसी का 200 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये किया गया है. गिरिडीह के लिए नॉन एसी बस का किराया 200 रुपये से बढ़कर 250 रुपये हो गया है. वहीं नवादा के लिए एसी बस का किराया 170 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये और नॉन एसी का 150 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये कर दिया गया है.
बस किराए में बढ़ोतरी के साथ-साथ ट्रांसपोर्टिंग लागत भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. इसका असर रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है. ऐसे में आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका है. इससे पहले करीब पांच साल पहले बस किराए में संशोधन किया गया था.