menu-icon
India Daily

दिल दहला देने वाला हादसा, हजारीबाग में पूरे परिवार को निगल गई जहरीली गैस, 3 की मौत

हजारीबाग जिले में एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में जहरीली गैस रिसाव से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. इस हादसे में परिवार का एक और सदस्य गंभीर रूप से घायल है.

antima
Edited By: Antima Pal
दिल दहला देने वाला हादसा, हजारीबाग में पूरे परिवार को निगल गई जहरीली गैस, 3 की मौत
Courtesy: x

झारखंड: झारखंड के हजारीबाग जिले में एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में जहरीली गैस रिसाव से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. इस हादसे में परिवार का एक और सदस्य गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना कैसे हुई?

परिवार ने अपने घर के पास बनी सेप्टिक टंकी में महुआ का जावा जमा करके रखा था. मंगलवार को जब परिवार के लोग टंकी से जावा निकालने गए तो अंदर जमा जहरीली गैस बाहर निकल आई. इस गैस ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया.  घटना में एक महिला, उसका बच्चा और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक महिला के पति की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार महुआ से संबंधित काम करता था. उन्होंने टंकी में जावा रखने की गलती की, जिसकी वजह से यह अनहोनी घटना हो गई. सेप्टिक टंकी में जैविक पदार्थ सड़ने से मीथेन और अन्य जहरीली गैस बनती है, जो सांस लेने पर बेहद खतरनाक साबित होती है.

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में लापरवाही का मामला सामने आया है. हजारीबाग के एसपी ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उन्होंने लोगों को चेतावरी दी कि बंद जगहों, टैंकों या गड्ढों में बिना सुरक्षा के न उतरें. ऐसे स्थानों में अक्सर ऑक्सीजन कम हो जाती है और जहरीली गैस जमा हो जाती है, जो कुछ ही पलों में जान ले सकती है.

परिवार पर छाया मातम

पूरे गांव में शोक का माहौल है. पीड़ित परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर था. तीन सदस्यों के अचानक चले जाने से परिवार की दुनिया उजड़ गई है. स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए हैं. प्रशासन की ओर से मुआवजे और मदद का ऐलान किए जाने की उम्मीद है.