menu-icon
India Daily

हरियाणा के बैंक्वेट हॉल में लगी भीषण आग, जान बचाकर भागे शादी में आए मेहमान; वीडियो में देखें भयावह मंजर

हरियाणा के जीरकपुर-शिमला रोड स्थित Aura Garden बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान भीषण आग लग गई. आग तेजी से फैलकर पास के Shekho Banquet Hall तक पहुंच गई. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. किसी जनहानि की खबर नहीं है.

auth-image
Edited By: Km Jaya
Banquet hall India daily
Courtesy: @Sahilrukhaya7 X account

जीरकपुर: हरियाणा के पंचकूला बॉर्डर के पास जीरकपुर-शिमला रोड पर रविवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक शादी समारोह के दौरान अचानक Aura Garden बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा हॉल लपटों से घिर गया. मेहमानों में भगदड़ मच गई और लोग खाना व डांस छोड़कर बाहर की ओर भागे. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकता है. हालांकि राहत की बात यह है कि किसी जनहानि की सूचना अब तक नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह चल ही रहा था कि अचानक धुआं उठने लगा. कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी और हॉल के अंदर सजी हुई सजावट की सामग्री, इलेक्ट्रिक लाइटें और पार्किंग में खड़ी कुछ गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं. लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले. कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिनमें दिख रहा है कि लोग हॉल से बाहर निकलते समय चीख-पुकार मचा रहे हैं.

देखें वीडियो

क्या थी वहां की स्थिति?

आग इतनी भयंकर थी कि Aura Garden के पास स्थित Shekho Banquet Hall तक भी लपटें पहुंच गईं. आग को फैलने से रोकने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में करने की कोशिश शुरू की. आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्रों में भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया.

कैसे लगी आग?

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. दमकलकर्मी अब भी अंदर जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं कोई व्यक्ति फंसा न हो. राहत की बात यह है कि आग लगने के समय ज्यादातर मेहमान बाहर निकल गए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

अभी कैसी है वहां की स्थिति?

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आसपास के लोगों को वहां से हटाया और बचाव कार्य जारी रखा. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बैंक्वेट हॉल में काफी नुकसान हुआ है. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और फायर डिपार्टमेंट की टीम सोमवार यानी आज विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी.