menu-icon
India Daily

पंचकूला के स्कूल में हैवानियत! तीसरी कक्षा के छात्र ने KG की बच्ची को पत्थर और गमले से पीटा

हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बच्चे कितने आक्रामक हो सकते हैं, ये इस घटना से पता चलता है. पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में एक थर्ड क्लास के स्टूडेंट ने एक केजी क्लास में पढ़ने वाली बच्ची पर हमला कर दिया.

Shilpa Shrivastava
पंचकूला के स्कूल में हैवानियत! तीसरी कक्षा के छात्र ने KG की बच्ची को पत्थर और गमले से पीटा
Courtesy: X

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बच्चे कितने आक्रामक हो सकते हैं, ये इस घटना से पता चलता है. पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में एक थर्ड क्लास के स्टूडेंट ने एक केजी क्लास में पढ़ने वाली बच्ची पर हमला कर दिया. यह हमला कोई छोटा नहीं, बल्कि उस बच्चे ने छोटी बच्ची को पत्थरों और गमले से बुरी तरह चोट पहुंचाई है. 

इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची को पहले पंचकूला के अस्पताल ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया. अभी बच्ची की हालत को लेकर कोई अपडेट नहीं आया है.

बेहोश होने के बाद भी नहीं रुका हमला:

उस लड़के ने बच्ची को इतना ज्यादा मारा की वो बेहोश हो गई, लेकिन वो लड़का फिर भी नहीं रुका. उसने गमला उठाकर भी बच्ची को मारा. उसके बेहोश होने के बाद भी छात्र उसे घसीटता रहा और पत्थरों से हमला करता रहा. घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई.

घायल बच्ची को तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, लेकिन उसकी हालत काफी नाजुक थी, जिसके बाद उसे PGI चंडीगढ़ भेज दिया गया. शुरुआती जानकारी में बच्ची को स्पेशल चाइल्ड बताया गया था. अभी तक बच्ची की हालत पर कोई अपडेट नहीं मिला है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच:

जैसे ही घटना की सूचना मिली, सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम तुरंत ही स्कूल पहुंच गई. पुलिस स्कूल मैनेजमेंट से पूछताछ कर रही है. इसके अलावा आरोपी छात्र के माता-पिता से भी जानकारी ली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी कम उम्र के बच्चे ने इस तरह का हमला किन परिस्थितियों में किया.

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल:

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह भी है कि स्कूल परिसर में इतनी बड़ी घटना कैसे हुई और उस समय शिक्षक व अन्य कर्मचारी कहां थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.