अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के साथ एक और नाम चर्चा में आ गया है. हरियाणा के नीरज फरीदपुरिया को भी उसके साथ अमेरिकी एजेंसियों ने पकड़ा है. नीरज का नाम कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. हत्या से लेकर रंगदारी तक के आरोपों का सामना कर रहे नीरज को लेकर भारतीय जांच एजेंसियों की भी दिलचस्पी रही है. अब अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से जुड़े घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है.
नीरज फरीदपुरिया के खिलाफ हत्या, मारपीट, रंगदारी, अवैध वसूली और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज बताए जाते हैं. साल 2024 में दिल्ली के आया नगर में हुई एक हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. इस घटना में एक व्यक्ति पर 70 से अधिक गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई थी. इसके अलावा, साल 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या के मामले में भी नीरज का नाम जुड़ा था.
नीरज फरीदपुरिया का नाम यूट्यूबर एल्विश यादव के घर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था. नीरज को लेकर हरियाणा पुलिस ने इनाम भी घोषित किया हुआ था. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह हिमांशु भाऊ के साथ मिलकर गैंग चलाता था. दोनों के खिलाफ कार्रवाई के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उनके ठिकानों पर छापेमारी भी कर चुकी है.
नीरज को साल 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद साल 2015 में उसे इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई. हालांकि, साल 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी.
हिमांशु भाऊ को अमेरिका में FBI द्वारा पकड़े जाने की खबर सामने आई है. उसके खिलाफ साल 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. वह NIA, दिल्ली पुलिस और हरियाणा STF की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था.
हिमांशु भाऊ का पूरा नाम हिमांशु उर्फ भाऊ रिटोलिया बताया जाता है. वह हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है और उसका जन्म 2002 में हुआ था. बताया जाता है कि वह 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में आया. साल 2020 में वह हिसार के बाल सुधार गृह से करीब 20 अन्य लड़कों के साथ फरार हो गया था. साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं की घटनाओं के बाद उसका नाम सुर्खियों में आया था.