menu-icon
India Daily

दिल्ली में तेज रफ्तार Mercedes ने Wagon R को मारी टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत; पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार

दिल्ली के नरेला के ममूरपुर इलाके में तेज रफ्तार Mercedes ने Wagon R को टक्कर मार दी. हादसे में सुबह की सैर पर निकली 70 वर्षीय उर्मिला की मौत हो गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिल्ली में तेज रफ्तार Mercedes ने Wagon R को मारी टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत; पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली के नरेला इलाके में तेज रफ्तार Mercedes की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई. हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ममूरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के बाहर हुआ. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी उर्मिला के रूप में हुई है. हादसे के बाद पुलिस ने Mercedes चला रहे शुभम को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

प्रारंभिक जांच के अनुसार Mercedes ने सामने से आ रही Wagon R को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी तेज थी कि Wagon R पीछे की ओर जाकर कुछ दूरी पर खड़े सामान लोड करने वाले एक तीन पहिया वाहन से जा टकराई. इसी दौरान वहां सुबह की सैर पर निकली उर्मिला Wagon R और तीन पहिया वाहन के बीच फंस गईं.

कैसी है Wagon R चालक की हालत?

हादसे में उर्मिला को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. Wagon R चालक को भी चोट लगी, लेकिन उसकी हालत गंभीर नहीं बताई गई. उसे मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि Mercedes चला रहा शुभम हादसे के समय शराब के नशे में था और काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था. हादसे के बाद सामने आए दृश्यों में शुभम Mercedes के पास परेशान हालत में दिखाई दे रहा है. वाहन के कप होल्डर में शराब की बोतल भी दिखाई देने का दावा किया गया है.

हालांकि पुलिस ने अभी शुभम के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय उसने शराब पी रखी थी या नहीं.

किसकी थी गाड़ी?

पुलिस के अनुसार Mercedes शुभम की अपनी गाड़ी नहीं थी. बताया जा रहा है कि यह कार उसके एक दोस्त की है और शुभम ने इसे एक दिन पहले किसी यात्रा के लिए उधार लिया था. हादसे के समय वह इसी कार को चला रहा था.

शुभम हरियाणा पुलिस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर का बेटा बताया गया है. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि Mercedes की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई.

अधिकारियों ने क्या बताया?

अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने लापरवाही से मौत और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के साथ घटनास्थल की जांच तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी मामले की जांच में महत्वपूर्ण होंगे.