छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार ने मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार कराया है. इसे राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट बताया जा रहा है. 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसका उद्घाटन करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे.
मुनक नहर लंबे समय से गंदगी, मलबे और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रही थी. इसके कायाकल्प के लिए सरकार ने विशेष सफाई अभियान चलाया. इस दौरान नहर से 1,400 से अधिक ट्रक कचरा और मलबा निकाला गया. मुख्यमंत्री ने खुद कई बार मौके पर पहुंचकर काम का जायजा लिया.
करीब 11 किलोमीटर लंबे घाट पर दोनों तरफ पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई गई हैं. यहां चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट, रोशनी और बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं. इसके अलावा हरियाली और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया गया है.
नहर में स्वच्छ पानी छोड़ने और जगह-जगह फव्वारे लगाने की योजना है. आवागमन आसान बनाने के लिए नहर पर तीन नए पुल भी बनाए जा रहे हैं. बाकी पुलों और हरियाली से जुड़े काम अगले दो से तीन महीने में पूरे करने का लक्ष्य है. इस साल पूरे 11 किलोमीटर के हिस्से में छठ पूजा आयोजित होगी.
इस घाट से शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा. खासकर पूर्वांचल के लोगों के लिए यह बड़ी सुविधा होगी. भविष्य में इस परिसर को सैर-सपाटे और मनोरंजन के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर लंबे समय से कायाकल्प का इंतजार कर रही थी. सरकार ने एक साल में इसकी तस्वीर बदलने का काम किया है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था और परंपरा का सम्मान है.