Open Sewer Accident: दिल्ली के नांगलोई विहार इलाके से एक बेहद परेशान करने वाली घटना सामने आई है. यहां चार साल का एक बच्चा खुले सीवर में गिर गया. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई. बच्चे की तलाश के लिए बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और लगातार अभियान चला रहे हैं. मासूम की पहचान इमरान के रूप में हुई है. इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. परिजन मौके पर मौजूद हैं और बच्चे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. बचाव अभियान में एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें शामिल हैं.
यह घटना दिल्ली के नांगलोई विहार स्थित दास गार्डन कॉलोनी की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, चार साल का इमरान एक पार्क के आसपास था, तभी वह खुले मैनहोल में गिर गया. सीवर में गिरने के बाद बच्चे का पता नहीं चल सका. सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए.
बच्चे के पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक, इमरान पार्क में खेलने गया था. इसके बाद वह सीवर के पास शौच के लिए गया, जहां खुला मैनहोल होने के कारण उसमें गिर गया. पिता ने बताया कि सीवर खुला पड़ा था और इसी वजह से यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि बच्चे को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है.
इस घटना को लेकर अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने अलग जानकारी दी है. अधिकारी के मुताबिक, बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुले मैनहोल में जा गिरा. फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पिता और अधिकारी के बयान में अंतर है. हालांकि, दोनों के मुताबिक बच्चा खुले मैनहोल में गिरा है.
अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 9:45 बजे मिली थी. इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया. बचाव अभियान में एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और डीडीएमए की टीमें भी जुटी हुई हैं. सभी एजेंसियां मिलकर सीवर के अंदर बच्चे का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं.
बचाव अभियान के दौरान अभी तक बच्चे के मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी. परिवार के लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर पल इमरान की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं. अधिकारियों की ओर से भी बच्चे की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल बचाव दल की कोशिश है कि जल्द से जल्द मासूम का पता लगाया जा सके.