नई दिल्ली: दिल्ली और एनसीआर में बुधवार को हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने परेशानी भी बढ़ा दी. भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. इसके चलते राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है.
बुधवार की बारिश के बाद विजय चौक, जंतर-मंतर, कर्तव्य पथ, आईटीओ, मथुरा रोड, संगम विहार, सीआर पार्क और लोधी रोड सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई. कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. लोगों को कार्यालय और घर पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा.
मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. विभाग ने लोगों को मौसम के बदलाव को देखते हुए यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से लेकर 11 अगस्त तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं. कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. हालांकि इस अवधि के लिए फिलहाल कोई ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम में नमी अधिक रहने से बीच-बीच में उमस लोगों को परेशान कर सकती है. दिन में बादल और बारिश के कारण गर्मी का असर पहले की तुलना में कम रहने की संभावना है.
मानसून की सक्रियता का असर राजधानी की हवा पर भी दिखाई दे रहा है. बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 69 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक हवा की गुणवत्ता अच्छी बनी रहेगी और बारिश प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करेगी.