दिल्ली NCR में रहने वाले लोगों के लिए वायु प्रदूषण एक बार फिर बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. सुबह घर से निकलने वाले लोगों को खराब हवा और धुंध का सामना करना पड़ रहा है. कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच चुका है. ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन फिलहाल ऐसी संभावना नजर नहीं आ रही है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी में अगले कई दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं. पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हलचल जरूर होगी, लेकिन इससे दिल्ली की हवा साफ होने की उम्मीद कम है.
पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, इसका असर दिल्ली NCR में बारिश के तौर पर दिखाई देने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 15 नवंबर तक राजधानी में मौसम शुष्क बना रह सकता है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार भी सामान्यतः 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.
तापमान की बात करें तो 10 और 11 नवंबर को अधिकतम पारा 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 12 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 से 29 और न्यूनतम 15 से 17 डिग्री रहने का अनुमान है. 13 और 14 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. 15 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री रहने की संभावना है.
दिल्ली NCR में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है. कोहरे और धीमी हवाओं के कारण वातावरण में मौजूद प्रदूषक आसानी से बाहर नहीं निकल पाएंगे. बारिश और तेज हवाओं की गैरमौजूदगी में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रह सकता है. इसका असर खासतौर पर सुबह के समय घर से निकलने वाले लोगों पर पड़ सकता है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के 10 नवंबर सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में AQI 300 के पार दर्ज किया गया. चांदनी चौक में यह 400 और पूसा में 398 रहा. कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380, एनएसयूटी जाफरपुर में 384 और टॉकटोरा गार्डन में 373 दर्ज किया गया.
मथुरा रोड पर AQI 372 और सिरीफोर्ट में 375 दर्ज किया गया. आया नगर में यह आंकड़ा 360, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 364 और आईआईटी दिल्ली में 361 रहा. इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के अलग अलग हिस्सों में हवा की गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है. फिलहाल बारिश और तेज हवाओं की उम्मीद कम होने के कारण दिल्ली NCR के लोगों को प्रदूषण से जल्द राहत मिलने के संकेत नहीं हैं.