menu-icon
India Daily

चीनी जासूसी के आरोपों में घिरे जेनसन हुआंग को ट्रंप का साथ, बोले- उन्हें कुछ पता नहीं था

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने उनका समर्थन करते हुए कहा है कि हुआंग को महिला की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
चीनी जासूसी के आरोपों में घिरे जेनसन हुआंग को ट्रंप का साथ, बोले- उन्हें कुछ पता नहीं था
Courtesy: Pinterest

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग इन दिनों एक ऐसे विवाद में घिर गए हैं, जिसने अमेरिकी कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. एक चीनी बिजनेसवुमन के साथ उनके करीबी संबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी.

इस पूरे मामले पर अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने हुआंग का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि एनवीडिया के सीईओ को महिला की कथित जासूसी गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. ट्रंप ने यह भी बताया कि इस मामले की जांच एफबीआई कर रही है.

ट्रंप ने क्यों किया एनवीडिया CEO का बचाव?

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि उन्होंने खुद जेन्सेन हुआंग से इस मामले पर बात की थी. ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने हुआंग से पूछा कि क्या उन्हें पता था कि संबंधित महिला जासूस है? इस पर हुआंग ने जानकारी होने से इनकार किया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें हुआंग की बात पर पूरा भरोसा है.

खुफिया रिपोर्ट के बाद बढ़ा विवाद

यह विवाद द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के बाद सामने आया. इसमें अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि चीनी बिजनेसवुमन कथित तौर पर बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी. रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया कि विदेशी खुफिया एजेंसियों ने एनवीडिया प्रमुख को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश की हो सकती है.

हुआंग ने मानी करीबी संबंधों की बात

जेनसन हुआंग ने एक बिजनेसवुमन के साथ करीबी संबंध होने की बात स्वीकार की है, लेकिन उन्होंने महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की. एनवीडिया की वेबसाइट पर जारी खुले पत्र में उन्होंने अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगी. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस मामले की जांच में पूरा सहयोग करेंगे और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हैं.

एनवीडिया बोर्ड ने शुरू कराई स्वतंत्र जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनवीडिया के बोर्ड ने रविवार को स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की. जांच का मकसद उन खबरों और आरोपों की पड़ताल करना है, जिनमें विदेशी खुफिया एजेंसियों की ओर से हुआंग को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है. इस विवाद का असर कंपनी के शेयरों पर भी दिखाई दिया. सोमवार को एनवीडिया के शेयर सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए.

चीन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी तरफ चीन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बीजिंग ने जानकारी जुटाने के लिए किसी महिला का इस्तेमाल नहीं किया. चीन ने इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए अपने खिलाफ चलाया जा रहा दुष्प्रचार करार दिया. गौरतलब है कि हुआंग और ट्रंप के बीच 2025 से करीबी कारोबारी संबंध रहे हैं. एनवीडिया प्रमुख अमेरिकी प्रशासन के एजेंडे का समर्थन करते रहे हैं और चीनी बाजार में उन्नत चिप बेचने के मुद्दे पर वॉशिंगटन में लगातार सक्रिय रहे हैं.