नई दिल्ली: दिवाली के जश्न के बीच दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है. रविवार रात लोग आतिशबाजी और पटाखों के साथ त्योहार मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ता नजर आया. दिल्ली में रात 10 बजकर 24 मिनट पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 371 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. आशंका जताई जा रही है कि पटाखों के धुएं के कारण आने वाले दिनों में हवा और ज्यादा जहरीली हो सकती है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के मुताबिक, दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया. सबसे खराब स्थिति सोनिया विहार की रही, जहां AQI 463 दर्ज किया गया. वहीं, 33 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में रही.
दिल्ली के आसपास के शहरों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली. नोएडा में AQI 315 और गाजियाबाद में 357 दर्ज किया गया. गुरुग्राम में यह आंकड़ा 277 और फरीदाबाद में 290 रहा. इन दोनों शहरों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई.
एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (EWS) ने चेतावनी दी है कि 9 नवंबर से दिल्ली-NCR की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है. अगले कुछ दिनों तक भी स्थिति खराब रहने की आशंका है. इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. दिवाली पर जलाए गए पटाखों का धुआं, गाड़ियों से निकलने वाला प्रदूषण और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं हवा को जहरीला बना रही हैं. इसके अलावा हवा की स्पीड कम रहने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रहने का अनुमान था. परिवहन क्षेत्र का योगदान करीब 19 प्रतिशत बताया गया. वहीं, पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी लगभग 3.5 प्रतिशत रहने का अनुमान था. दिल्ली की हवा में PM2.5 प्रदूषक की मात्रा प्रमुख रूप से दर्ज की गई. ये बेहद छोटे कण होते हैं, जो सांस के जरिए शरीर के अंदर पहुंच सकते हैं.
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बेहद खराब