भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 2018 में हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने केंद्र सरकार और कांग्रेस से पूछा है कि जब आमतौर पर भारतीय सांसदों को तिब्बत जाने की अनुमति नहीं मिलती, तो राहुल गांधी ने यह यात्रा किस व्यवस्था के तहत की थी? साथ ही उन्होंने चीनी सरकार के दो मंत्रियों से राहुल की मुलाकात को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की है.
निशिकांत दुबे ने जनवरी 2019 में भुवनेश्वर में राहुल गांधी के एक सार्वजनिक बयान का जिक्र किया. दुबे के मुताबिक, राहुल गांधी ने उस दौरान बताया था कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के समय उनकी मुलाकात कुछ चीनी मंत्रियों से हुई थी. इस दौरान रोजगार के अवसर पैदा करने को लेकर भी बातचीत हुई थी. भाजपा सांसद ने जून 2018 में विदेश मंत्रालय की ओर से दिए गए जवाब का भी हवाला दिया. उनके अनुसार, मंत्रालय ने तब कहा था कि राहुल गांधी की तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की यात्रा के लिए सरकार के माध्यम से या निजी तौर पर कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था.
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी और कांग्रेस से छह सवालों के जवाब मांगे हैं. उन्होंने पूछा है कि राहुल गांधी ने 2018 में कैलाश मानसरोवर की यात्रा किस व्यवस्था के तहत की थी और उनसे दो चीनी मंत्रियों की मुलाकात किसने कराई थी? उन्होंने यह भी जानना चाहा कि राहुल की मुलाकात किन मंत्रियों से और कहां हुई थी. इन बैठकों में किन मुद्दों पर चर्चा हुई और क्या इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय या चीन में भारतीय दूतावास को दी गई थी? दुबे ने राहुल गांधी के बयानों को लेकर भी सवाल किया. उनका कहना है कि यदि यात्रा पूरी तरह निजी और धार्मिक थी, तो बाद में चीनी मंत्रियों से मुलाकात की बात क्यों सामने आई?
निशिकांत दुबे ने कहा कि कैलाश मानसरोवर हिंदुओं का पवित्र तीर्थस्थल है और वहां जाना आस्था का विषय है. हालांकि, जब किसी भारतीय नेता की मुलाकात विदेशी सरकार के प्रतिनिधियों से होती है, तो उससे जुड़ी जानकारी सार्वजनिक होना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि भारत और चीन के संबंधों में रणनीतिक, कूटनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दे शामिल हैं. ऐसे में किसी प्रमुख भारतीय नेता और चीनी मंत्रियों के बीच हुई बातचीत को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. उनके मुताबिक, विदेशी प्रतिनिधियों से मुलाकात के मामले में पारदर्शिता राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही और राष्ट्रीय हित का विषय है.
राहुल गांधी की 2018 की कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर निशिकांत दुबे के इन सवालों पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.